पुलिस के प्रति जनता में विश्वास बढ़ाएंगे, तभी लगेगी अपराधों पर लगाम : एसपी
एसपी कमलदीप गोयल ने कहा कि कानून व्यवस्था को बनाए रखना प्राथमिकता है। यदि जिले में कानून व्यवस्था ठीक होगी तो आपराधिक गतिविधियों पर काफी हद तक अंकुश लग जाएगा।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
नवनियुक्त एसपी कमलदीप गोयल ने बुधवार को जिले में कार्यभार ग्रहण कर लिया। सुबह जब वह कार्यालय में पहुंचे, तो उन्हें सलामी दी गई। इसके बाद एसपी ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान एसपी कमलदीप गोयल ने कहा कि कानून व्यवस्था को बनाए रखना प्राथमिकता है। यदि जिले में कानून व्यवस्था ठीक होगी, तो आपराधिक गतिविधियों पर काफी हद तक अंकुश लग जाएगा। किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था का उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा। एसपी कमलदीप गोयल इससे पहले भी वर्ष 2006 में जिले में डीएसपी के पद पर रह चुके हैं। युवाओं को नशे से दूर करना बड़ी चुनौती
उन्होंने कहा कि अब काफी समय बाद वह जिले में आए हैं। ऐसे में काफी कुछ बदल गया है। इस समय युवाओं में नशे की प्रवृति बढ़ रही है। यह गंभीर चुनौती है। इससे पूरी ताकत के साथ निपटेंगे। अवैध रूप से नशा बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कर्मियों से लोगों को काफी उम्मीदें होती हैं। इस भरोसे को और मजबूत करना है। कोशिश रहेगी कि पुलिस व जनता के बीच समन्वय बना रहे। जब तक पुलिस व जनता एक दूसरे का सहयोग नहीं करेंगे, तब तक अपराधों को नहीं रोका जा सकता। अपराध रोकने में जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। लोगों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही सहन नहीं की जाएगी। जनता के हितों की रक्षा के लिए हर समय कार्य करने को तैयार हैं। नियम तोड़ने वालों पर गंभीर कार्रवाई होगी
एसपी ने कहा कि इस समय में देश व प्रदेश कोरोना महामारी से जूझ रहा है। ऐसे में सभी का सहयोग जरूरी है। लोगों को नियमों का पालन करना चाहिए। तभी वह महामारी से बचेंगे और दूसरों को भी बचा सकेंगे। लोग घरों से बाहर निकले, तो हमेशा मास्क लगाकर रखें। यह अनिवार्य है। शारीरिक दूरी का विशेष ध्यान रखें। समय-समय पर हाथों को धोते रहे। यदि कोई नियमों का पालन नहीं करेगा, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।