हमारी ओर कदम बढ़ाने की कोशिश की तो मुंह की खानी पड़ेगी : कटारिया
यमुनानगर केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री रतनलाल कटारिया ने अंबाला पहुंच रहे पांच रफेल विमानों की बधाई रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को दी।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर
केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री रतनलाल कटारिया ने राफेल विमानों की बधाई रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को दी। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब चीन और पाकिस्तान दोनों के साथ सरहदों पर तनाव का सामना करना पड़ रहा है। तब भारतीय वायुसेना को अंबाला में राफेल लड़ाकू विमान के शामिल होने से बड़ी ताकत मिलेगी। इससे हवाई युद्ध क्षमताओं में देश की फायर पावर में बढ़ोतरी होगी। कटारिया ने बताया कि दुश्मन के विमानों को 150 किलोमीटर से अधिक दूरी पर ही मार गिराने की क्षमता इस विमान में हैं। राफेल बहुक्षमताओं के साथ दुश्मन के किसी भी विमान पर आसानी से हवा में निशाना लगा सकता है। केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर वार करते हुए कहा कि देश मोदी के कुशल नेतृत्व में सुरक्षित है। हमारे किसी भी पड़ोसी देश की हिम्मत नहीं कि हमें आंख उठा कर देख सके। जब भी किसी ने हमारी सीमा की तरफ कदम बढ़ाने की कोशिश की तो उसको मुंह की खानी पड़ी है।