मांगें न मानी तो अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाएंगे आढ़ती : शिव कुमार
मांगें न मानने पर आढ़तियों में सरकार के खिलाफ रोष है। जिले के आढ़ती सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं।
संवाद सहयोगी, रादौर : मांगें न मानने पर आढ़तियों में सरकार के खिलाफ रोष है। जिला आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान शिवकुमार संधाला ने कहा कि 12 सितंबर को एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक कैथल में बुलाई गई थी। इसकी अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष रजनीश चौधरी ने की थी। बैठक में सर्व सम्मति से निर्णय लिया था कि यदि सरकार ने 17 सितंबर तक उनकी मांगों को नहीं माना तो प्रदेश की सभी मंडियां अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चली जाएंगी। सभी मंडियां पूर्ण रुप से बंद रहेंगी। किसी भी मंडी में किसी भी उत्पाद का क्रय विक्रय नहीं होगा। उन्होंने कहा कि आढ़ती तीनों अध्यादेशों के खिलाफ हैं। किसान आढ़ती का रिश्ता पहले की तरह बना रहे, लेकिन सरकार इसे तोड़ना चाहती है। इसके विरोध में 17 सितंबर को अनाज मंडी सुबह 10 बजे जिला मुख्यालय पर पहुंचकर सभी आढ़ती व किसान प्रदर्शन करेंगे।