ताला लगाना भूला होमगार्ड, चोरी के आरोपित दो सगे भाई हवालात से फरार
चोरी के आरोपित दो सगे भाइयों को हवालात में बंद कर होमगार्ड जवान ताला लगाना भूल गया। इसी कारण आरोपित साहिल व इमरान शनिवार की आधी रात को थाना फर्कपुर से फरार हो गए।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
चोरी के आरोपित दो सगे भाइयों को हवालात में बंद कर होमगार्ड जवान ताला लगाना भूल गया। इसी कारण आरोपित साहिल व इमरान शनिवार की आधी रात को थाना फर्कपुर से फरार हो गए। पुलिसकर्मियों ने खाली लॉकअप रूप देखा तो हड़कंप मच गया। रातभर थाना, चौकी व सीआइए स्टाफ दोनों चोरों की तलाश करता रहा, लेकिन कोई पता नहीं चला। ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर पुलिस ने थाना फर्कपुर के मुंशी प्रवीण कुमार, जांच अधिकारी एएसआइ राजकुमार व होमगार्ड हरीश चंद व फरार हुए दोनों चोरों पर केस दर्ज किया है। घर में चोरी करता पकड़ा गया था
ससौली निवासी साहिल व इमरान गांव के चंद्रमोली के घर में 17 जनवरी को अलसुबह तीन बजे चोरी करने के लिए घुसे थे। दोनों ने घर से सोने के गहने, तीन मोबाइल, नकदी व अन्य सामान बांध लिया था। इसी दौरान चंद्रमोली की आंख खुल गई। घर के सदस्यों को उठता देख दोनों भाई वहां से भागने लगे। जिस पर चंद्रमोली ने साहिल को मौके पर ही पकड़ लिया। बाद में उसे थाना फर्कपुर के हवाले कर दिया। पुलिस ने साहिल से पूछताछ की तो उसने बताया कि चोरी में उसका भाई इमरान भी साथ था। दबिश देकर पुलिस ने इमरान को भी दबोच लिया। दोनों को कोर्ट में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया था।
-----
दोनों भाइयों से माल हुआ बरामद
रिमांड के दौरान दोनों भाइयों से एक सोने की चेन व मोबाइल बरामद कर लिया गया। शनिवार शाम को दोनों को फर्कपुर थाना में बनी हवालात में बंद कर दिया था। रात को दोनों को खाना देने के बाद होमगार्ड हरीश चंद किसी काम में व्यस्त हो गया और हवालात का ताला लगाना भूल गया। रात करीब दो बजे पुलिसकर्मी काम में व्यस्त हो गए तो साहिल व इमरान दीवार फांद भाग निकले। काफी देर बाद पुलिस की नजर खाली हवालात पर पड़ी। दोनों भाई अंदर नहीं थे। उनकी तलाश के लिए थाना फर्कपुर, गांधी नगर चौकी व सीआइए की टीमों को भी लगाया गया है। लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। दोनों की तलाश कर रहे हैं : डीएसपी
डीएसपी प्रदीप राणा ने बताया कि दोनों आरोपितों की तलाश कर रहे हैं। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर होमगार्ड हरीश चंद, जांच अधिकारी एएसआइ राजकुमार व मुंशी प्रवीण कुमार के अलावा फरार आरोपितों पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।