स्वास्थ्य ठेका कर्मचारियों ने प्रदर्शन करके जताया रोष
यमुनानगर सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य ठेका कर्मचारियों ने मंगलवार को ट्रामा सेंटर पर प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य ठेका कर्मचारियों ने मंगलवार को ट्रामा सेंटर के सामने मंगलवार को सीएमओ के सामने प्रदर्शन करके रोष जताया। अध्यक्षता जिला प्रधान सुमित ऋषि ने व संचालन जिला सचिव नरेश कुमार ने किया। सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव राजपाल सांगवान, सीटू कोषाध्यक्ष रामकुमार कांबोज ने कहा कि कर्मचारियों ने सिविल सर्जन को दो बार मांग पत्र से सूचना दी। इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन ने कर्मचारियों की समस्याओं को सुनने को तैयार नहीं है। इसलिए कर्मचारी आंदोलन करने को मजबूर हैं। कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा, 12 घंटे डयूटी ली जा रही है, ईएसआइ की सुविधाएं अधूरी मिल रही हैं। कुछ कर्मचारियों को जानबूझकर परेशान व प्रताड़ित किया जा रहा है। सरकार द्वारा घोषित तीन महीने की एक्सटेंशन ईएसआइ अस्पतालों में अभी तक लागू नहीं की गई। इससे कर्मचारियों में भारी निराशा है। ईएसआइ के कोरोना योद्धा कर्मचारियों को दो माह का वेतन नहीं दिया गया। संघ ने अधिकारियों से बात की, तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। जिला वरिष्ठ उपप्रधान राजकुमार, उपप्रधान जनकराज, प्रेस सचिव गुलशन भारद्वाज, खंड प्रधान विशाल बाजीगर, कोषाध्यक्ष नरवेश कुमार, मधु शर्मा, ईएसआइ प्रधान राकेश गागट, नीलम रानी व प्रदीप कुमार थे।