मैत्री वर्करों को तीन साल से नहीं दिया वेतन
पशुपालन विभाग में कार्यरत प्रदेश के 265 मैत्री वर्करों को विभाग ने तीन वर्षों से वेतन नहीं दिया है।
संवाद सहयोगी, रादौर : पशुपालन विभाग में कार्यरत प्रदेश के 265 मैत्री वर्करों को विभाग ने तीन वर्षों से वेतन नहीं दिया है। कर्मचारी बिना वेतन के वर्षों से काम कर रहे हैं। वेतन की मांग को लेकर मैत्री वर्कर कई बार पशुपालन विभाग के उच्चाधिकारियों से मिले, लेकिन कर्मचारियों को जल्द वेतन भुगतान की बात कहकर टरका दिया गया। मैत्री वर्करों ने विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि जल्द उन्हें वेतन नहीं दिया गया तो वह अनिश्चितकालीन आंदोलन के लिए मजबूर हो जाएंगे।
मैत्री वर्कर एसोसिएशन के प्रदेश सचिव सचिन कांबोज बुबका, मोहित, अनूप, बिजेंद्र, हैप्पी, मुनीष, शेर सिंह, मोहित, किरणपाल, अमूल ने बताया कि प्रदेश में 265 मैत्री वर्कर पशुपालन विभाग में तीन वर्षो से काम कर रहे हैं। उन्हें आज तक एक रुपया भी वेतन नहीं मिला है। 17 नवंबर 2017 को मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने अधिकारियों को आदेश दिए थे कि उन्हें हर महीने 15 हजार रुपये वेतन दिया जाए। बिना वेतन के वह विभाग के सभी कार्य कर रहे हैं।