इधर उड़ा गुलाल, उधर सड़कें खून से लाल
सड़क हादसों में महिला सहित छह की मौत दो घायल जागरण संवाददाता यमुनानगर होली के
जागरण संवाददाता, यमुनानगर: होली के अवसर पर एक तरफ जमकर गुलाल उड़ा तो दूसरी ओर लचर व्यवस्था के चलते सड़कें भी खून से लाल हुई। एक ही दिन में गुरुद्वारे में मत्था टेकने जा रही महिला समेत छह लोगों की सड़क हादसों में मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए। अभी तक एक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने आरोपित वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाइक में उलझे तार, चालक की मौत
अंबाला के नारायणगढ़ के योगियों वाला मोहल्ला निवासी तरसेम सिंह ने थाना छप्पर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई देवेंद्र अपनी साली शालू के साथ बाइक पर रिश्तेदारी में जा रहा था। जब वे गांव पाबनी कलां के नजदीक पहुंचे तो उनकी बाइक में सड़क के बीच में पड़ी बिजली के तार उलझ गए। इससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर इलाज के दौरान देवेंद्र की मौत हो गई। तरसेम सिंह ने आरोप लगाया कि बिजली निगम की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। अज्ञात युवक की मौत
जम्मू कॉलोनी निवासी पंकज ने बताया कि 21 मार्च को सुबह छह बजे वह किसी काम से जा रहा था। हमीदा पॉवर हाउस के नजदीक उसे 35 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे पड़ा था। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक की मौत वाहन की चपेट में आने से हुई है। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी, लेकिन पहचान नहीं हो पाई। ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से मजदूर की मौत
पुराना हमीदा निवासी बिरमदास ने बताया कि उसका दोस्त 25 वर्षीय सुनोज किसी काम से सहारनुपर नेशनल हाईवे पर गया था। जब वह गांव दुसानी के नजदीक पहुंचा तो तेज गति से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह घायल हो गया। लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुद्वारे जा रही महिला की ट्राली की चपेट में आने से मौत
फर्कपुर निवासी अमरजीत सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी 55 वर्षीय बलजीत कौर बेटी सिमरन के साथ एक्टिवा पर जा रही थी। एक्टिवा सिमरन चला रही थी जबकि बलजीत कौर पीछे बैठी थी। जब वे जोड़ियां नाका के नजदीक पहुंची तो एक ट्रैक्टर चालक डबल ट्रालियां जोड़ कर ला रहा था। इसी दौरान ट्राली ने बलजीत को टक्कर मार दी। सिर में चोट लगने से बलजीत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बेटी घायल हो गई। वाहन की टक्कर से ऑटो चालक की मौत :
गांव टिब्बी अराइयांवाला निवासी क्षत्रपाल ने बताया कि उसका भाई 35 वर्षीय महीपाल ऑटो रिक्शा चलाने का काम करता था। होली पर्व के दिन वह सवारियां छोड़कर घर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह अपने गांव के मोड़ पर पहुंचा तो सामने से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उसके ऑटो रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे यमुनानगर के ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया गया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। किसान को वाहन ने कुचला :
राझेड़ी निवासी 47 वर्षीय शेर सिंह गन्ने की ट्राली लेकर शुगर मिल में आया था। मिल में उसका नंबर आने में देरी थी। वह गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली गन्ना यार्ड में खड़ी कर अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह विश्वकर्मा चौक के नजदीक पैदल पहुंचा तो पीछे आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे बुरी तरह कुचल दिया। इससे उसकी मौत हो गई।