निर्भया के दोषियों को फांसी समाज को सकारात्मक संदेश
निर्भया के साथ दुष्कर्म के दोषियों की फांसी पर यमुनानगर में लोगों ने संतोष जताया है। उन्होंने कहा कि इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : आखिरकार सात साल तीन बाद बाद निर्भया को न्याय मिल सका। लोगों को सुबह ही दोषियों को फांसी मिलने का पता लगा। सभी ने इस फैसले का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि इससे अपराधियों के मन में भय पैदा होगा। समाज में इसका सकारात्मक संदेश जाएगा।
भले देर से ही, लेकिन दोषियों को मिली सजा : बलदेव
ग्रीन पार्क निवासी बलदेव पंवार का कहना है कि भले देर से ही सही, लेकिन दोषियों को सजा मिली। इन दरिदों ने जो किया, उसके लिए उन्हें फांसी की सजा ही मिलनी चाहिए। निर्भया के परिवार के लोगों को इंसाफ मिला है। यह सराहनीय कदम है।
अपराधियों के मन में डर पैदा होगा : राजकुमार
प्रोफेसर कॉलोनी निवासी राजकुमार पोसवाल का कहना है कि इस सजा का इंतजार पूरा देश कर रहा था। अब यह घड़ी आ ही गई। निर्भया को इंसाफ मिला है। इससे अपराधियों में मन में खौफ पैदा होगा।
तेलीमाजरा निवासी सुनहरा सिंह का कहना है कि सुबह जब वह उठे, तो पता लगा कि निर्भया के दोषियों को फांसी दे दी गई है। यह अच्छा निर्णय है। इस केस में दोषियों को पहले ही फांसी हो जानी चाहिए थी। अब देर से सही, निर्भया को इंसाफ मिला है।