हमने शहर को भय मुक्त माहौल दिया : घनश्यामदास अरोड़ा
भाजपा की कथनी और करनी में अंतर नहीं है। शहर में बिना भेदभाव के विकास कार्य कराए गए। ये बातें भाजपा प्रत्याशी घनश्याम अरोड़ा ने कही। रविवार सुबह फतेहपुर नयागांव बहरामपुर रतनपुरा रामपुर माजरा महमूदपुर और लापरा में जनसभाएं करके जन संपर्क किया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : भाजपा की कथनी और करनी में अंतर नहीं है। शहर में बिना भेदभाव के विकास कार्य कराए गए। ये बातें भाजपा प्रत्याशी घनश्याम अरोड़ा ने कही। रविवार सुबह फतेहपुर नयागांव, बहरामपुर, रतनपुरा, रामपुर माजरा महमूदपुर और लापरा में जनसभाएं करके जन संपर्क किया। रतनपुरा गांव में अरोड़ा को लड्डुओं से तौला गया। इस दौरान ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला।
उन्होंने कहा कि पूर्व में रहे विधायक ने विधानसभा में शहर की किसी भी समस्या को नहीं उठाया। न ही जनता के बीच गए। केवल चुनाव के दिनों में उनको जनता याद आती है। जब वह जनता के बीच गए ही नहीं, उनकी दिक्कतों के बारे भी जानकारी नहीं है। हमारी सरकार ने शहर को भयमुक्त माहौल दिया है।
उसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ न्यू मार्केट से फव्वारा चौक तक दुकानदारों से मिले। सरकार की नीतियों से अवगत करते हुए कहा कि पांच साल के कार्यकाल में करोड़ों रुपये के विकास कार्य विधानसभा क्षेत्र में करवाए गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया गया है। अमरूत योजना के तहत 32 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन डलने का कार्य शुरू हो चुका है। इससे निकासी की व्यवस्था दुरुस्त होगी। शहर के सभी पार्को का सुंदरीकरण किया गया है। उधर, नया गांव में सैंकड़ों लोगों ने दूसरी पार्टियों को छोड़ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। दोपहर बाद टाउन पार्क, रूपनगर, विशाल नगर, मॉडल टाउन, हरबंसपुरा, हमीदा, विष्णुनगर, विजय कॉलोनी, बलवंत राय कॉलोनी में जनसभाओं को संबोधित किया। मॉडल टाउन में उद्योगपति राजीवगढ़ के यहां काफी संख्या में प्लाईवुड व्यापारियों ने घनश्याम अरोड़ा को समर्थन देने की बात कही।