महिला से दोस्ती पड़ी महंगी, बनाया बंधक, छोड़ने के मांगे पांच लाख
दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए बंधक बना लिया। छोड़ने के नाम पर पांच लाख रुपये मांगे गए लेकिन जावेद ने इतने पैसे होने से इंकार कर दिया। बाद में दो लाख रुपये तय हुए।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के गांव भगवानपुर के रहने वाले लेबर ठेकेदार जावेद को महिला ने प्रेमजाल में फंसाकर मिलने के लिए बुलाया। जब वह यहां पहुंचा, तो महिला ने उस पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए बंधक बना लिया। उसे छोड़ने के नाम पर पांच लाख रुपये मांगे गए, लेकिन जावेद ने इतने पैसे होने से इंकार कर दिया। बाद में दो लाख रुपये तय हुए। जिसमें से 50 हजार रुपये तुरंत मांगे। जावेद ने घर पर कॉल किया, तो उसके स्वजन पैसे लेकर जगाधरी बस स्टैंड पर पहुंचे। यहां महिला ने उनसे पैसे लिए। यहीं से उसका पीछा करते हुए स्वजन भी पहुंच गए और बिलासपुर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शुक्रवार की देर शाम दबिश देकर महिला व एक बुजुर्ग को पकड़ा है। जबकि दो अन्य फरार हो गए। यहीं से जावेद को मुक्त कराया गया। कुछ दिन पहले उसे किसी दोस्त से बिलासपुर निवासी महिला का मोबाइल नंबर मिला। जिस पर वह महिला से बातचीत करने लगा। वीरवार को महिला ने उसे बिलासपुर में मिलने के लिए बुलाया। यहां पर महिला उसे अपने मकान पर लेकर गई। पीड़ित युवक का कहना है कि कमरे में महिला उसके साथ थी। इसी दौरान मकान के ऊपर कमरे में छिपे तीन लोग और आ गए। उन्हें मौके पर पकड़ लिया। महिला ने भी तुरंत दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए उस पर केस दर्ज कराने की धमकी दे डाली। डर के मारे में वह उनके सामने हाथ जोड़ने लगा। जावेद के साथ मारपीट करते हुए उसे बंधक बना लिया और छोड़ने के नाम पर पैसे मांगे। बताया जा रहा है कि महिला किराये के मकान में रहती है। पहले भी वह इस तरह से कई लोगों को निशाना बना चुकी है। थाना प्रभारी रवि खुंडिया ने बताया कि मामले की शिकायत मिल गई है। अभी जांच की जा रही है।