दूसरे का प्लॉट दिखाकर 33 लाख रुपये ठगे
सिविल लाइन निवासी विजेंद्र कुमार से प्लॉट दिलाने के नाम पर 33 लाख की ठगी कर ली गई।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
सिविल लाइन निवासी विजेंद्र कुमार से प्लॉट दिलाने के नाम पर 33 लाख रुपये ठग लिए गए। जब वह रजिस्ट्री कराने गए, तो पता लगा कि जिस प्लॉट को दिखाकर पैसे लिए गए हैं। वह किसी और का है। इस मामले में पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया।
सिविल लाइन जगाधरी निवासी विजेंद्र कुमार ने बताया कि माडल टाउन निवासी राजीव व करोलबाग दिल्ली निवासी राजेश सेठ प्रोपर्टी डीलर हैं। उन्होंने गुलाबनगर में प्लॉट दिखाया। सौदा 33 लाख रुपये में तय हो गया था। कुछ पैसा पहले दे दिया गया और कुछ के लिए समय लिया। आरोपितों ने प्लॉट के दस्तावेज दिखाए। मौके पर प्लॉट भी दिखाया। जब उसने आरोपितों को पूरे पैसे दे दिए, तो रजिस्ट्री कराने के लिए कहा। जिस पर वह समय मांगते रहे। बाद में शक होने पर तहसील में जाकर पता किया, तो जानकारी मिली कि यह प्लॉट किसी और का है।
जब आरोपितों से पैसे वापस मांगे, तो वह धमकी देने लगे और जान से मारने की धमकी दी।