बाइक रेहड़ी पर प्रतिबंध लगाने के लिए तीसरी बार एसपी से मिले टेंपो चालक
कस्बा में कई दिनों से टेंपो ऑटो यूनियन व बाइक रेहड़ी यूनियन के बीच चला आ रहा विवाद तूल पकड़ता जा रहा है।
संवाद सहयोगी, रादौर : कस्बा में कई दिनों से टेंपो ऑटो यूनियन व बाइक रेहड़ी यूनियन के बीच चला आ रहा विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। बाइक रेहड़ी यूनियन के प्रधान रणजीत सिंह के नेतृत्व में सोमवार को दूसरे दिन भी टेंपो ऑटो यूनियन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं टेंपो ऑटो यूनियन तीसरी बार बाइक रेहड़ी पर प्रतिबंध लगाने के लिए एसपी से मिले।
बाइक रेहड़ी यूनियन ने घोषणा की है कि यदि प्रशासन ने क्षेत्र में बाइक रेहड़ी पर प्रतिबंध लगाया तो वे अपने परिवार के लोगों के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ जाएंगे। टेंपो ऑटो यूनियन के प्रधान विनोद कुमार बकाना, चंचल सिंह, प्रमोद, जगमाल, सोहनलाल, वीरभान, कमल, मनोहर, बशेसर सिंह, सतीश कुमार, काका, भरत सिंह ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि पिछले काफी समय से रादौर क्षेत्र में बिना कागजात के बाइकों के पीछे गैर कानूनी तरीके से रेहड़ी लगाकर उसमें भारी भरकम सामान की ढुलाई की जा रही है। इनके चालकों के पास लाइसेंस, आरसी, बीमा, प्रदूषण सहित अन्य कागजात भी नहीं है। जबकि टैंपो ऑटो रिक्शा चालकों ने लाखों रुपये खर्च कर ऑटो फाइनेंस कराए हुए हैं। लेकिन बाइक रेहड़ी के कारण उनका व्यवसाय खत्म हो गया है। उनकी मांग है कि बाइक रेहड़ी चलाने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
उधर, बाइक रेहड़ी यूनियन के प्रधान सरदार रणजीत सिंह ने बताया कि बाइक रेहड़ी से हजारों लोगों का रोजगार जुड़ा है। प्रतिबंध पूरे प्रदेश में लगना चाहिए, न की केवल रादौर क्षेत्र में। किसी बाइक रेहड़ी चालक को परेशान किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।