महिला की अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर युवक मांग रहा पांच लाख, केस दर्ज
शहर यमुनानगर थाना क्षेत्र की कालोनी निवासी महिला ने रजत नाम के युवक पर केस दर्ज करवाया है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
शहर यमुनानगर थाना क्षेत्र की कालोनी निवासी महिला ने रजत नाम के युवक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। आरोप है कि आरोपित उसकी फोटो इंटरनेट पर अपलोड करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा है। इसके बदले में पांच लाख रुपये की मांग कर रहा है। आरोपित पर पहले भी छेड़छाड़ के आरोप में केस दर्ज है। शहर यमुनानगर थाना पुलिस ने आरोपित पर केस दर्ज किया।
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, महिला को कालोनी का रजत 27 जनवरी से मोबाइल पर मैसेज भेजकर परेशान कर रहा है। इससे पहले भी वह छेड़छाड़ कर चुका था। जिस पर थाने में आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। इसके बावजूद आरोपित बाज नहीं आ रहा। आरोपित के पास महिला की अश्लील फोटो है। इन फोटो को आरोपित ने महिला के भाई और उसके जानकारों को भेजकर बदनाम कर दिया। अब दोबारा इन फोटो को इंटरनेट पर अपलोड करने की धमकी दे रहा है। आरोपित धमकी दे रहा है कि उसके साथ शादी करें या फिर पांच लाख रुपये दे। इस बारे में आरोपित के स्वजनों से बात की, तो वह भी उसका ही साथ दे रहे हैं। जांच अधिकारी शिमला रानी का कहना है कि आरोपित रजत के खिलाफ छेड़छाड़, ब्लैकमेल करने, जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
बाइक की टक्कर से युवक की मौत, केस दर्ज
संवाद सहयोगी, रादौर: खजूरी गांव के समीप बाइक की टक्कर से 32 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर टक्कर मारने वाले बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
जठलाना पुलिस को दी शिकायत में कोला खेड़ी निवासी विकास ने बताया कि वह ईट भट्ठे पर श्रमिकों की व्यवस्था करवाता है। इन दिनों वह खजूरी गांव में रामा ब्रिक्स कंपनी पर कार्य कर रहा है। उसके साथ उसके गांव का ही धर्मबीर भी कार्य करता है। धर्मबीर की तबीयत अचानक खराब हो गई। तब धर्मबीर ने उसे दवाई दिलवाने के लिए कहा। वह और उसका साथी राजकुमार धर्मबीर को अपनी बाइक पर बिठाकर दवाई दिलवाने के लिए दामला के लिए चले। जैसे ही वह नाहरपुर के समीप पहुंचे तो धर्मबीर ने पेशाब करने के लिए बाइक रुकवाई। तभी एक बाइक सवार तेज रफ्तार से बाइक चलाते हुए आया और धर्मबीर को टक्कर मार दी। जब वह उसे उठाने लगे तो बाइक सवार मौके से फरार हो गया। जिसके बाद वह धर्मबीर को जगाधरी अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्होंने उसे पीजीआई रेफर कर दिया। लेकिन वहां भी कोरोना के चलते उसे भर्ती नहीं किया गया। तब वह उसे मुलाना लेकर पहुंचे लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।