नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पति समेत चार देवरों पर केस
जागरण संवाददाता यमुनानगर कीर्ति नगर में 19 वर्षीय प्रीती की आत्महत्या के मामले में पति रामू
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
कीर्ति नगर में 19 वर्षीय प्रीती की आत्महत्या के मामले में पति रामू व उसके देवरों पर पुलिस ने केस दर्ज किया। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। इस वजह से ही परेशान होकर उनकी बेटी ने जान दी। जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। शिकायत के आधार पर पांच लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में उप्र के गोंडा जिले के गांव शाहपुर निवासी मनोज कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी भतीजी प्रीती की शादी 19 जून 2020 को गोंडा जिले के गांव पूरअंगद निवासी रामू से की थी। शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर रामू उसके साथ मारपीट करने लगा। इस बारे में भतीजी ने घर पर फोन कर बताया था, तो रामू से बात की थी और उनकी दो-तीन माह में उनकी मांग पूरी करने का आश्वासन दिया था। करीब दो माह बाद रामू पत्नी को लेकर यहां कीर्तीनगर में अपने भाईयों राजू, सोनू, गुड्डू, दीपू के पास लेकर आ गया। आरोप है कि यहां पर भी रामू व उसके भाईयों ने प्रीती के साथ दहेज की मांग को लेकर मारपीट की थी। रामू से बात कर प्रीती को अलग किराये का कमरा दिला दिया था। जिससे उनके बीच कोई विवाद न रहे।
शराब के नशे में करता था मारपीट :
रामू के अन्य भाई भी यहीं पर रहते हैं। कोई फैक्ट्री में मजदूरी करता है, तो कोई रिक्शा चलाता है। दस- 12 दिन पहले प्रीती व रामू अलग मकान में रहने लगे थे। रामू शराब पीकर आता था और प्रीती के साथ मारपीट करता था। जिससे वह परेशान थी। बार-बार वह रामू पर मायके जाने का दबाव बना रही थी, लेकिन वह मना कर देता था। सोमवार की रात भी रामू ने उसे पीटा और अपने भाईयों के पास मकान में चला गया था। सुबह जब वह कमरे पर आया, तो पता लगा कि प्रीती की फंदा लगा लिया है।