टोल बैरियर पर किसानों ने शुरू किया पक्का निर्माण, बनाया जाएगा कमरा
कृषि कानूनों के विरोध में टोल बैरियर पर किसानों का धरना जारी है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : कृषि कानूनों के विरोध में टोल बैरियर पर किसानों का धरना जारी है। किसानों ने पक्का निर्माण शुरू कर दिया है। फिलहाल यहां आंदोलनरत किसानों के एक कमरे का निर्माण करवाया जाएगा। किसानों का कहना है कि जब तक सरकार कृषि कानूनों को वापस नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। किसान टोल बैरियर से नहीं हटेंगे। भाकियू के जिला प्रधान संजू गुंदियाना व डायरेक्टर मंदीप रोड छप्पर ने बताया कि टोल पर बैरियर पर आंदोलनरत किसानों के लिए टेंट की व्यवस्था की हुई थी। लेकिन अब आंधी-तूफान के दौरान टेंट उखड़ जाता था। बारिश में पानी टपकने लगता था। आगामी दिनों में यह समस्या और बढ़ेगी। बारिश का सीजन शुरू होने वाला है। इस तरह की समस्याओं से बचाव के लिए यहां कमरे का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। जब तक किसानों की मांग नहीं मान ली जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जिस दिन सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लेगी, उसी दिन धरना समाप्त कर लिया जाएगा। उनका कहना है कि सरकार अमर्यादित तरीके से किसानों के आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। लेकिन किसान पीछे हटने वाले नहीं हैं। किसान को आर्थिक सहायता के लिए चेक दिया
संवाद सहयोगी, बिलासपुर : मुख्यमंत्री किसान एवं खेतीहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत गांव पैंसल के किसान सूरजभान पुत्र बचना राम को एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने आर्थिक सहायता राशि के चेक दिया। उन्होंने बताया कि किसान एवं खेतीहर मजदूर योजना के तहत कृषि कार्य करते समय किसान एवं खेतीहर मजदूर मृत्यु होने पर या दुर्घटना ग्रस्त होने पर आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। मृत्यु होने पर पांच लाख की मुआवजा राशि दी जाती है और विकलांगता के मामलों में विकलांगता फीसद के अनुसार यह सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। उन्होंने बिलासपुर मार्केट कमेटी के अधिकारी व कर्मचारियों की इस सराहनीय कार्य के लिए प्रशंसा की। मुख्यमंत्री किसान एवं मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत एसडीएम जसपाल सिंह ने सूरजभान को उनके पुत्र स्वर्गीय कृष्ण कुमार की खेत में दवाई का स्प्रे करते समय मृत्यु होने पर पांच लाख रुपये की राशि का चेक प्रदान किया। मौके पर मार्केट कमेटी सचिव संत कुमार व अन्य उपस्थित थे।