बिजली कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर जताया रोष
यमुनानगर उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता के कार्यालय में प्रदर्शन किया गया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता के कार्यालय के सामने कर्मचारियों ने निजीकरण के विरोध में प्रदर्शन करके रोष जताया। अध्यक्षता यूनिट प्रधान अनिल कांबोज व संचालन सचिव पवन हांडा ने किया। राज्य महासचिव नरेश कुमार, एसकेएस जिला सचिव राजपाल सांगवान, खंड प्रधान जोत सिंह व कार्यकारिणी सदस्य गुलशन भारद्वाज ने कहा कि केंद्र सरकार तेजी से निजीकरण कर रही है। जिसके कर्मचारियों के साथ आम जनता को भी गंभीर नतीजे भुगतने पड़ेंगे। सरकारी महकमों को बड़े पूंजीपतियों के हवाले किया जा रहा है। इसके लिए सरकार बिजली बिल 2020 संसद में पास करने जा रही है। बिजली आम आदमी की पहुंच से दूर हो जाएगी, रोजगार भी घट जाएंगे। बिजली विभाग का निजीकरण बंद नहीं किया, तो पूरे प्रदेश में आंदोलनों को तेज किया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। मौके पर सर्कल सचिव विक्रम कांबोज, उपप्रधान सतीश जांगड़ा व ऑडिटर राजेश कुमार थे।