मेरी मार्गदर्शक थी डा. कमला वर्मा, उनके सानिध्य में बहुत कुछ सीखा : अनिल विज
गृह मंत्री अनिल विज रविवार शाम पूर्व स्वास्थ्य मंत्री कमला वर्मा के निधन पर शोक जताया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : गृह मंत्री अनिल विज रविवार शाम पूर्व स्वास्थ्य मंत्री कमला वर्मा के निधन पर शोक जताने सेक्टर-15 स्थित उनके निवास स्थान पर पहुंचे। करनाल से अंबाला जाते हुए करीब आधा घंटा रुके। उनके अचानक आने से प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा।
अनिल विज ने कहा कि स्वर्गीय कमला वर्मा ने जनसंघ व भाजपा के संगठन के लिए उस दौर में दिनरात मेहनत की है, जब संगठन इतना सक्रिय नहीं था। उनका जाना पार्टी के लिए बड़ी क्षति है। प्रदेश की राजनीति में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। 1977 में जब पहली बार मंत्री बनी, उस समय जिला अंबाला की प्रभारी भी थी। वह उनकी मार्गदर्शक रही है और उनके सानिध्य में बहुत कुछ सीखने को मिला है। उनके निधन से प्रदेश में एक अविस्मरणीय युग का अंत हो गया। उनके जैसी निडर, स्पष्टवादी, याज्ञिक, ओजस्वी आर्य विदुषी एवं राष्ट्रभक्त आत्मा धरती पर कभी कभार जन्म लेती हैं। उन्होंने कहा कि उनके जाने से प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं को भारी नुकसान हुआ है।
इस दौरान पत्रकारों से किसान आंदोलन पर बातचीत करते हुए विज ने कहा कि अपनी बात कहना किसानों का अधिकार है, लेकिन हिसा करना उनका अधिकार नहीं है। कृषि कानून पूरी तरह किसानों के हित में हैं। कुछ लोग किसानों को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में बिना खर्ची-पर्ची के युवाओं को नौकरियां मिली हैं। बौखलाहट में आकर विपक्ष अनाब-शनाब ब्यानबाजी कर रहा है। मौके पर मौके पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री कमला वर्मा के बेटे राजन वर्मा, पूर्व पार्षद प्रमोद सेठी, राकेश त्यागी भी उपस्थित थे।