नहीं लगा फाइनेंसर अनिल पुनिया का सुराग, हत्यारोपित का दो दिन के और रिमांड पर
21 दिसंबर को लापता हुए गढ़ी मुंडो निवासी फाइनेंसर अनिल पुनिया के हत्यारोपित की रिमांड दो दिन और बढ़ा दी गई है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
21 दिसंबर को लापता हुए गढ़ी मुंडो निवासी फाइनेंसर अनिल पुनिया का अभी तक कोई पता नहीं लग सका। उनकी हत्या के आरोप में सीआइए ने नाहरपुर के रफाकत को गिरफ्तार किया हुआ है। शुक्रवार को आरोपित को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे फिर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। तीसरी बार आरोपित का रिमांड बढ़ाया गया है। आरोपित रफाकत ने पूछताछ के दौरान बताया था कि उसने अनिल की हत्या कर नहर में फेंक दिया है। पुलिस ने उसे साथ लेकर नहर में तलाश भी किया, लेकिन कोई पता नहीं लग सका। 21 दिसंबर की शाम को अनिल पुनिया अपने घर से निकला था। सात बजे तक उसकी लोकेशन नाहरपुर में मिली। रात 11 बजे उसका मोबाइल बंद हो गया था। इसके बाद से ही वह लापता थे। दो दिन तलाश करने के बाद भी जब कोई पता नहीं लगा, तो अनिल के भाई डा. सुनील पुनिया की शिकायत पर गुमशुदगी का केस दर्ज हुआ था। अनिल की पत्नी ने नाहरपुर के रफाकत पर शक जताया था, क्योंकि अनिल का उसके साथ पैसों का लेन देन चल रहा था। अनिल ने उसे आठ लाख रुपये दिए थे। इन पैसों के लिए वह कई बार रफाकत के पास भी जा चुका था। इसी आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। इस मामले में रफाकत से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार की थी। तब से आरोपित पुलिस रिमांड पर है। यमुनानगर से लेकर करनाल के मुनक तक कर चुके तलाश
पुलिस के साथ-साथ अनिल के स्वजन भी नहर में उसकी तलाश कर चुके हैं। रफाकत ने नहर में धक्का देने की बात कही। इसके बाद यमुनानगर से करनाल के मुनक तक नहर में अनिल की तलाश की जा चुकी है, लेकिन कोई पता नहीं लगा। नहर के साथ साथ लगते जितने भी थाने हैं। वहां भी इस बारे में सूचना दी गई है। सीआइए वन के इंचार्ज राकेश मटौरिया ने बताया कि अभी रफाकत से कुछ और जानकारियां लेनी है। इसमें कुछ और लोगों को भी शामिल किया जा सकता है। यमुना से निकलने वाली अन्य नहरों में भी अनिल की तलाश की जाएगी।