बाइक रेहड़ी चलाने के विरोध में किया प्रदर्शन
अवैध रूप से बाइक रेहड़ी के चलाए जाने के विरोध में टेम्पो-ऑटो यूनियन ने थाना परिसर में प्रदर्शन किया। प्रधान विनोद कुमार बकाना के नेतृत्व में रेहड़ी-बाइक बंद करो के नारे लगाकर लगाए गए।
संवाद सहयोगी, रादौर : अवैध रूप से बाइक रेहड़ी के चलाए जाने के विरोध में टेम्पो-ऑटो यूनियन ने थाना परिसर में प्रदर्शन किया। प्रधान विनोद कुमार बकाना के नेतृत्व में रेहड़ी-बाइक बंद करो के नारे लगाकर लगाए गए। थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर गुरदेव सिंह ने यूनियन के सदस्यों को आश्वासन दिया कि बाइक रेहड़ी चलाने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। यूनियन के विरोध के चलते पुलिस ने शहर के मेन बाजार से तीन बाइक रेहड़ी को पकड़कर उनका चालान किया रेहड़ी चालक पर 6 हजार रुपये का चालान कर उसे छोड़ दिया गया।
यूनियन के प्रधान विनोद कुमार बकाना, चंचल सिंह, एसपी वर्मा, प्रमोद, जगमाल, सोहनलाल, वीरभान, कमल, मनोहर व गुरमीत ने बताया कि क्षेत्र में अवैध रूप से बाइक रेहड़ी चलाकर सामान ढोया जा रहा है। यह गैर कानूनी है। मामले को लेकर यूनियन हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने जा रही है। प्रदेश भर मे भारी संख्या में अवैध रूप से बाइक रेहडियां चलाई जा रही हैं। इससे टेम्पो-ऑटो चलाने वाले वाहन चालकों को भारी नुकसान हो रहा है। बाइक-रेहड़ी वालों के पास न तो बाइक के कागज, न ही प्रदूषण पर्ची। न आरसी और न ही बीमे के कागजात होते हैं।