दुकानों को आठ बजे तक खोलने की मांग, मेयर से मिले व्यापारी
दुकानों को आठ बजे तक खोले जाने ट्रेड लाइसेंस समाप्ति की अधिसूचना जारी करने व अन्य समस्याओं को लेकर उद्योग व्यापार मंडल हरियाणा के पदाधिकारी मेयर मदन चौहान से मिले। उन्होंने ट्रेड लाइसेंस समाप्ति की घोषणा पर लडडू खिलाकर मेयर का मुंह मीठा करवाया। साथ ही समाप्ति की अधिसूचना जारी करने के लिए मांग पत्र सौंपा।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर
: दुकानों को आठ बजे तक खोले जाने, ट्रेड लाइसेंस समाप्ति की अधिसूचना जारी करने व अन्य समस्याओं को लेकर उद्योग व्यापार मंडल हरियाणा के पदाधिकारी मेयर मदन चौहान से मिले। उन्होंने ट्रेड लाइसेंस समाप्ति की घोषणा पर लडडू खिलाकर मेयर का मुंह मीठा करवाया। साथ ही समाप्ति की अधिसूचना जारी करने के लिए मांग पत्र सौंपा।
उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष महेंद्र मित्तल ने कहा कि ट्रेड लाइसेंस की समाप्ति की घोषणा से व्यापारी वर्ग को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि पिछले दो साल कोरोना महामारी के कारण भी व्यापारी वर्ग को बहुत हानि हुई है। व्यापारी वर्ग बैंकों का कर्जदार होता जा रहा है। मित्तल ने कहा की निगम के कर्मचारी दुकानों पर जाकर मास्क के चालान काट रहे हैं।कर्मचारियों को व्यापारियों के मास्क के चालान काटने से रोका जाए। डीसी को सौंपा ज्ञापन :
युवा व्यापार मंडल की जिला प्रधान अनिल भाटिया के नेतृत्व में डीसी पार्थ गुप्ता के माध्यम सीएम मनोहर लाल को ज्ञापन भेजा। उन्होंने बताया कि हरियाणा प्रदेश का व्यापारी बहुत ही कठिन दौर से गुजर रहा है। दुकानें बंद करने का समय शाम छह बजे कर दिया है, जो उचित नहीं है। जबकि शराब की ठेके खोलने का समय रात 10 बजे है। सरकार के नेताओं द्वारा देश व प्रदेश में भारी भीड़ जुटाकर रैलियां कर रहे है। क्या कोरोना व्यापारियों की दुकानों से ही फैलता है। शराब की ठेके व रैलियों से नहीं फैलता। यह व्यापारियों के साथ दोहरा व्यवहार है। जो सरासर गलत है। सरकार को कोई ऐसा कानून नहीं बनाना चाहिए जो व्यापारी विरोधी हो। मौके पर संदीप बजाज, गुरु शरद सिंह, राज कुमार, गगन खरोदा, सुनील कुमार, संजीव ओबराय, अंकित सिंह आदि व्यापारी प्रतिनिधी मौजूद थे।