सरोजनी कालोनी में छत से गिरा राज मिस्त्री, मौत
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : शहर की सरोजनी कालोनी में निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल से गिरकर राज मि
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : शहर की सरोजनी कालोनी में निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल से गिरकर राज मिस्त्री घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही उसने दम तोड़ दिया।
बिहार के जिला सिवान के गांव बतोलिया निवासी 35 वर्षीय राज मिस्त्री मदन यादव, गांधी नगर में पिछले कई साल से रहता था। सरोजनी कालोनी में वह कांसापुर निवासी सोमनाथ ठेकेदार के पास काम कर रहा था। यहां किसी व्यक्ति के घर का निर्माण चल रहा था। दोपहर के समय वह निर्माणधीन मकान की दूसरी मंजिल की छत से गिर गया, जिससे वह घायल हो गया आसपास के लोग उसे शहर के ट्रामा सेंटर लेकर आए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना गांधी नगर पुलिस को दी गई। कहा ये भी जा रहा है कि जहां पर मदन यादव काम करता था, वहां पर उसका कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था। हालांकि जो लोग उसके साथ काम करते थे वो अभी तक पुलिस के पास नहीं पहुंचे हैं। उधर, ठेकेदार राज मिस्त्री की मौत के बारे में कुछ भी स्पष्ट नहीं बता रहा, क्योंकि वह मौके पर नहीं था। जांच कर रहे हैं : राजबीर
मामले की जांच कर रहे गांधी नगर चौकी के एएसआइ राजबीर का कहना है कि अस्पताल से उन्हें मदन यादव की मौत की सूचना मिली थी। उसकी मौत चोट लगने से हुई है। अभी ठेकेदार व अन्य लोगों से पूछताछ की जाएगी। तब जाकर मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल जाएगा।