महिला समेत तीन लोगों पर जानलेवा हमला, हमलावरों पर केस दर्ज
तीन जगहों पर हुई मारपीट में महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : तीन जगहों पर हुई मारपीट में महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने हमलावरों पर केस दर्ज कर लिया।
टीन का माजरा गांव निवासी बलजीत सिंह ने थाना छप्पर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी गांव के ही धर्मेंद्र के साथ कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस वक्त तो बीच बचाव कर मामला शांत हो गया था। परंतु आरोपित उससे रंजिश रखने लगे। इसी के तहत धर्मेंद्र ने अपनी पत्नी रेनू बाला, भाई भूपेंद्र सिंह, भाभी रानो देवी व अंबाला कैंट की कांप्लेक्स कालोनी में रहने वाले निर्मल सिंह के साथ उस पर हमला कर दिया। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोगों से उसे छुड़ाया। आरोप है कि आरोपित उसे जाते समय जान से मारने की धमकी देकर गए। स्वजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धर्मेंद्र, रेनू बाला, भूपेंद्र सिंह, रानो देवी व निर्मल सिंह समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं, फर्कपुर की नंदा कालोनी की मधु बाला ने गांधी नगर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शिवपुरी-बी निवासी कृष्ण लाल उर्फ टिन्नू उसके साथ बेवजह बहस करने लगा। जब उसने विरोध किया तो आरोपित ने उसके साथ मारपीट की। इसकी शिकायत उसने थाने में दी। जिसके आधार पर पुलिस ने कृष्ण लाल पर केस दर्ज कर लिया। उधर, प्रताप नगर निवासी दिनेश कुमार ने थाना प्रताप नगर पुलिस को बताया कि संजीव व अश्वनी कुमार के साथ उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। जिस पर दोनों ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे जान से मारने का प्रयास किया। लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संजीव व अश्वनी पर केस दर्ज कर लिया।