जिस बिल्डिग में रखते थे पोलियो रोधी दवा, वहीं रखी जाएगी कोविड वैक्सीन
कोरोना वैक्सीन को लेकर स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुटा है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
कोरोना वैक्सीन को लेकर स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुटा है। फिलहाल कोरोना वैक्सीन के रखरखाव को लेकर व्यवस्था की जा रही है। पहले इसके लिए एडमिन ब्लाक के निर्माणाधीन भवन का चयन किया गया, लेकिन बाद में सिविल अस्पताल में ही पुरानी बिल्डिग के डी ब्लाक को चिह्नित किया गया है। इस बिल्डिग में पहले पोलियो वैक्सीन को रखा जाता था। अब इसमें ही कोविड वैक्सीन को रखा जाएगा। यहीं पर कोल्ड चेन स्थापित की जाएगी। मकर संक्रांति तक कोविड वैक्सीन आने की संभावना है। विभागीय अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, 13 जनवरी तक जिले को कोविड वैक्सीन मिल जाएगी। वैक्सीनेशन की तैयारियों को परखने के लिए सात जनवरी को जिले में ड्राई रन चलाया गया। जो पूरी तरह से सफल रहा। अब जिले में वैक्सीनेशन को लेकर तैयारियां पूरी है। प्रथम चरण में हेल्थ वर्करों का होगा टीकाकरण
प्रथम चरण में हेल्थ वर्करों का टीकाकरण होगा। कोविन एप पर 6989 वर्करों का डाटा अपलोड किया गया है। इसमें निजी व सरकारी अस्पतालों के कर्मचारी शामिल हैं। पहला टीकाकरण होने के बाद 28 दिन बाद दूसरा टीका लगाया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक यहां पर जो टीका आएगा। उसके लिए चार से आठ डिग्री का तापमान होना जरूरी है। यहां पर भारतीय टीका आएगा। वैक्सीनेशन की तैयारी पूरी है
सिविल सर्जन डा. विजय दहिया ने बताया कि वैक्सीन के लिए सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे। प्रथम चरण में कोविड वैक्सीन हेल्थ वर्करों को लगाई जाएगी। ड्राई रन कर लिया गया है। यहां पर तैयारियां पूरी हैं। कोविड वैक्सीन को सिविल अस्पताल की पुरानी बिल्डिग में रखा जाएगा। यहां पर पूरी तरह से सुरक्षा रहेगी। इसके लिए तैयारियां कर ली गई हैं।