सुअर छुड़ाने के लिए निगम की टीम पर हमला, पुलिस के सामने तलवारें लहराते भागे
शुक्रवार दोपहर सवा दो बजे निगम कार्यालय के सामने 26 सुअरों को पकड़ कर आ रही निगम की टीम पर स्कार्पियों कार सवार लोगों ने हमला कर दिया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर शुक्रवार दोपहर सवा दो बजे निगम कार्यालय के सामने 26 सुअरों को पकड़ कर आ रही निगम की टीम पर स्कार्पियों कार सवार लोगों ने हमला कर दिया। इसमें कैचर टीम के ठेकेदार व कर्मचारी बाल बाल बचे। पुलिस के आने पर आरोपी हवा में तलवारें व अवैध हथियार लहराते हुए मौके से निकल गए। सुबह के वक्त निगम की टीम सुअरों को पकड़ने के लिए बाड़ी माजरा में गई थी। चार घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान 26 सुअरों को पकड़ा। निगम की इस कार्रवाई का कुछ जगह सुअर पालकों ने विरोध किया।
ये अधिकारी गए टीम के साथ
कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार छोटू राम, नगर निगम ईओ दीपक सूरा, एक्सईएन आनंद स्वरूप, एक्सईएन प्रमोद कुमार, सीएसआई अनिल नैन, हरजीत छतवाल समेत नगर निगम व पुलिस विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। गाड़ी का पीछा किया हमारी : नैन
नगर निगम सीएसआई अनिल नैन ने बताया कि बाड़ी माजरा में कार्रवाई करने के बाद टीम वहां से चली। सुअरों से भरे वाहन आगे चल रहे थे। उनके पीछे अधिकारियों व पुलिस कर्मचारियों की बस थी। जैसे ही टीम नगर निगम कार्यालय के पास पहुंची, तो पीछे से स्कार्पियों में सवार होकर कुछ युवक आए। उनके पास तलवारें, लाठियां व अन्य हथियार थे। कुछ युवकों के हाथों में कट्टे भी थे। रेलवे रोड पर निगम कार्यालय के पास आते ही लोगों ने सुअरों से भरे वाहन को रोक लिया और उन पर हमला कर दिया। तभी पुलिस मौके पर आ गई। जिस कारण आरोपी वहां से फरार हो गए। सामने आने पर कुछ लोगों को वह पहचान सकते हैं।
घेराबंदी कर जाल से पकड़े सुअर
गंदगी फैलाने व हादसों का सबब बन रहे सुअरों को पकड़ने के लिए शुक्रवार सुबह ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार छोटू राम के नेतृत्व में कार्रवाई शुरू की गई। सुअरों को पकड़ने के लिए पंजाब से स्पेशल सूअर कैच्चर टीम के 30 सदस्य बुलाए गए। टीम में 60 पुलिस कर्मियों व 50 नगर निगम कर्मचारियों को शामिल किया गया। सुबह दस बजे टीम बाड़ी माजरा में पहुंची। जहां टीम ने सुअरों की घेराबंदी कर जाल से उन्हें पकड़ना शुरू किया। सुअरों को पकड़ने के लिए कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस फोर्स के आगे नहीं चल पाया विरोध
बाड़ी माजरा व तीर्थ नगर में घूम रहे सुअरों को पकड़ने के दौरान कुछ सुअर पालकों ने निगम अधिकारियों का विरोध किया। खूब हंगामा हुआ। पुलिस व निगम अधिकारियों ने लोगों को किसी तरह एक बार तो शांत कर दिया। बाद में टीम का पीछा किया। पुलिस मौके की सीसीटीवी फुटेज ले रही है। उसके आधार पर आरोपितों की पहचान की जाएगी।