कोरोना संक्रमण बढ़ा, अस्पतालों में बढ़ाए गए बेड
कोरोना का कहर जारी है। मरीजों के लिए बेड का संकट बढ़त गया है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
कोरोना का कहर जारी है। मरीजों के लिए बेड का संकट बढ़ता जा रहा है। कोविड सेंटर बनाए गए अधिकतर निजी अस्पतालों में बेड फुल हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बेड खाली है, लेकिन वहां पर उतनी सुविधाएं नहीं है। कही पर वेंटीलेटर नहीं है, तो कही पर आइसीयू की व्यवस्था नहीं है। जिस वजह से अधिकतर मरीज निजी अस्पताल में ही दाखिल हो रहे हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने अस्पतालों में बेडों की संख्या बढ़ाई है। सरकारी अस्पतालों से लेकर निजी अस्पतालों में बेड बढ़ाए गए हैं। अब जिले में बेडों की संख्या एक हजार हो गई है।
कोरोना महामारी के बीच बेड व ऑक्सीजन को लेकर मारामारी मची हुई है। फिलहाल जिले में व्यवस्था ठीक है, लेकिन इसी तरह से केस बढ़ते रहे, तो व्यवस्था चरमरा सकती है। शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर व भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा भी इस स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। कोशिश यही है कि हर मरीज को जरूरत के हिसाब से बेड व ऑक्सीजन मिले। इसके लिए भाजपा ने हेल्पलाइन सेवा भी शुरू की है। जिले के निजी अस्पतालों में कोविड मरीजों के लिए बेडों की संख्या बढ़ाई गई है, क्योंकि यहां पर बेड फुल हो चुके हैं।
यहां पर बढ़ाए गए बेड
सिविल अस्पताल में 11 से बढ़ाकर 27 बेड लगाए गए हैं। गाबा अस्पताल में 50 से बढ़ाकर 100 बेड, वरयाम सिंह अस्पताल में 25 से बढ़ाकर 40, बालाजी अस्पताल में आठ, शर्मा अस्पताल में 12 बेड, तेजली स्टेडियम में 25 बेड बढ़ाए गए हैं। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी बेडों की संख्या बढ़ा दी है। करीब 200 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही अब श्री लेखराज मल्टी स्पेशलिटी जनरल अस्पताल गधौली में भी शुरू हो गया है। यह भी सरकार के पोर्टल पर आ गया है। यहां पर 150 बेड की व्यवस्था है। नगर निगम की ओर से धर्मशालाओं को भी चिहित कर लिया गया है। जरूरत पड़ने पर इन्हें भी कोविड सेंटर बनाया जा सकता है।
यह है जिले के अस्पतालों की फिलहाल स्थिति
अस्पताल - उपलब्ध बेड
चौधरी लेखराज मल्टीस्पेशियल्टी अस्पताल - 146
तेजली स्टेडियम कोविड सेंटर - 40
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापनगर - 20
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरस्वतीनगर- 15
ईएसआइ कोविड अस्पताल - 14
सिविल अस्पताल यमुनानगर - 12
सब्बरवाल अस्पताल - 12
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छछरौली - 11
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रादौर - 10
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलासपुर - 09
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाहरपुर - 09
वरदान अस्पताल - 05
वरयाम सिंह अस्पताल - 05
बालाजी अस्पताल - 06
केशवानी अस्पताल - 03
मैक्सवेल अस्पताल - 03
कैपिटल सचदेवा अस्पताल -02
जेपी अस्पताल - 02
कपूर अस्पताल - 01
शर्मा अस्पताल - 01
दाबड़ा अस्पताल - 00
गाबा अस्पताल - 00
गुलाटी अस्पताल - 00
हार्ट केयर सेंटर - 01
निर्मल अस्पताल - 00
आरके गुप्ता अस्पताल - 00
संतोष अस्पताल - 00
सुरेष्ठा अस्पताल - 00
एसपी अस्पताल - 00
स्वामी विवेकानंद अस्पताल-02
नोट: पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक। सरकार दिक्कत नहीं आने देगी किसी को भी : मंत्री
शिक्षा मंत्री व जिला कोविड सलाहकार समिति के अध्यक्ष कंवरपाल गुर्जर ने बताया कि हमारी कोशिश है कि मरीजों को बेड व ऑक्सीजन के लिए कोई दिक्कत न आए। इसलिए कोविड सेंटरों में बेड बढ़वाए गए हैं। आक्सीजन व बेड के लिए मरीजों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इस बारे हर रोज प्रशासन से अपडेट भी लिया जा रहा है।