10 एकड़ में फैली अवैध कॉलोनी में निर्माण तोड़े
बूड़िया क्षेत्र में बृहस्पतिवार को जिला नगर योजनाकार की टीम ने अवैध कॉलोनियों में किए गए निर्माण को ढहा दिया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
बूड़िया क्षेत्र में बृहस्पतिवार को जिला नगर योजनाकार की टीम ने अवैध कॉलोनियों में किए गए निर्माण को ढहा दिया। इस दौरान लोगों ने निर्माण को तोड़े जाने विरोध भी किया लेकिन पुलिस ने विरोध करने वालों को वहां से भगा दिया। अवैध कॉलोनी 10 एकड़ में फैली थी। जिसमें 30 निर्माणों की मियाद भरी गई थी। दो प्लाटों की चारदीवारी की हुई थी। जिन्हें जेसीबी की मदद से तोड़ दिया गया।
जिला नगर योजनाकार अमित मधौलिया ने बताया कि उक्त कॉलोनियों में बिना विभाग की अनुमति के निर्माण किया जा रहा था। इसका पता चलने पर प्लाट बेचने वाले लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। लेकिन वे संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा पाए। जिस कारण अवैध निर्माण को तोड़ा गया है। नायब तहसीलदार ओमप्रकाश को प्रशासन की तरफ से ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। मौके पर विभाग की तरफ से एक सूचना बोर्ड भी लगाया गया जिस पर लिखा गया है कि यहां प्लाट बेचना मना है। जो भी यहां अवैध निर्माण करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मौके पर फिल्ड इंस्पेक्टर मोहित शर्मा, जेई रविद्र पंवार व मोहित कुमार मौजूद रहे।