Move to Jagran APP

यमुनानगर में हरियाणा व यूपी पुलिस के बीच टकराव, पीएसी कर्मियों को थाने ले गई पुलिस

उत्तर प्रदेश पुलिस ने हरियाणा सीमा में घुस कर तीन डंपर पकड़ लिए। यूपी पुलिस का कहना था कि यह डंपर उनके राज्य से भरकर लाए गए हैं। इस पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। यमुनानगर यूपी पुलिस नौ कर्मचारियों को थाने ले गई है।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Sun, 27 Sep 2020 02:15 PM (IST)Updated: Sun, 27 Sep 2020 03:52 PM (IST)
यमुनानगर में हरियाणा व यूपी पुलिस के बीच टकराव, पीएसी कर्मियों को थाने ले गई पुलिस
यमुनानगर में हरियाणा यूपी बार्डर पर दोनों राज्यों की पुलिस। जागरण

जेएनएन, यमुनानगर। प्रतापनगर थाना के क्षेत्र के बेलगढ़ के पास खनन को लेकर उत्तर प्रदेश व हरियाणा के ठेकेदारों में रविवार को विवाद हो गया। उत्तर प्रदेश की पीएसी अवैध रूप से जिला के ठेकेदारों को पकड़ने के लिए हरियाणा की सीमा में घुस गई। मामला तनावपूर्ण हुआ तो यमुनानगर व बिलासपुर के डीएसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। यमुनानगर पुलिस उत्तर प्रदेश पीएसी के नौ कर्मचारियों को जीप में बिठाकर थाना प्रतापनगर में ले गई। मामले को सुलझाने के लिए सहारनपुर के डीएम को बुलाया गया है।

loksabha election banner

उत्तर प्रदेश पुलिस रविवार को बेलगढ़ खनन जोन के पास हरियाणा सीमा में पहुंच गई। पुलिस ने खनन सामग्री से भरे तीन डंपरों को इस आरोप में पकड़ लिया कि वे उत्तर प्रदेश की सीमा से खनन कर लाए हैं, जबकि यमुनानगर की मुबारकपुर रायल्टी कंपनी के कर्मचारी इससे साफ मना करते रहे। उन्होंने कहा कि वे अपनी खनन साइट पर ही खनन कर रहे हैं। वे यमुना नदी को पार कर उत्तर प्रदेश की सीमा में नहीं गए हैं, परंतु उत्तर प्रदेश पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी और खनन सामग्री से भरे डंपरों को जबरदस्ती उत्तर प्रदेश ले जाने लगे।

इस पर रायल्टी कंपनी के कर्मचारी उप्र पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे। तभी थाना प्रतापनगर से भी पुलिस पहुंच गई। दोनों राज्यों की पुलिस में टकराव की स्थिति बन गई। घटना की सूचना पाते ही डीएसपी यमुनानगर राजिंद्र सिंह व डीएसपी बिलासपुर आशीष चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस से बात की। साथ ही उनसे पूछा कि क्या उनके पास कोई वीडियो या फोटो सबूत के तौर पर है जिससे ये पता चल सके कि तीनों डंपर उत्तर प्रदेश की सीमा में खनन कर रहे हैं, परंतु वे कोई सबूत नहीं दिखा सके।

इस दौरान दोनों राज्यों की पुलिस में काफी बहस हुई। हरियाणा की सीमा में अवैध रूप से कार्रवाई किए जाने के आरोप में उत्तर प्रदेश पीएसी के नौ कर्मचारियों को थाना प्रतापनगर ले जाया गया। समाचार लिखे जाने तक सहारनपुर डीएम मौके पर नहीं पहुंचे थे। डीएसपी राजिंद्र सिंह का कहना है कि दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बातचीत चल रही है। बिना अनुमति के उत्तर प्रदेश पुलिस हमारी सीमा में आई है। मामले की जांच चल रही है।

कई दिन से चल रहा है विवाद

उत्तर प्रदेश व हरियाणा की सीमा पर नदी से रेत निकालने को लेकर विवाद चल रहा है। उत्तर प्रदेश की सीमा में आकर अवेध खनन करने के आरोप में 17 सितंबर को सहारनपुर के खनन ठेकेदारों ने मुबारकपुर रायल्टी कंपनी के 17 लोगों के खिलाफ थाना बेहट में केस दर्ज कराया था। दो दिन पहले मुबारकपुर रायल्टी कंपनी ने अपने रेत के स्टॉक को चोरी करने के आरोप में सहारनपुर के पांच लोगों पर केस दर्ज कराया था। अब रविवार को हुए इस विवाद को इसी खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.