किसानों पर लाठीचार्ज के विरोध में सीएम व डिप्टी सीएम का पुतला फूंका
पीपली रैली में जा रहे किसानों पर लाठीचार्ज की निदा हो रही
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
पीपली रैली में जा रहे किसानों पर लाठीचार्ज की निदा हो रही है। किसानों पर लाठीचार्ज के विरोध में महाकाल ग्रुप ने लघु सचिवालय में सीएम मनोहर लाल व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का पुतला फूंका। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इससे पहले महाकाल ग्रुप के कार्यकर्ता जगाधरी अनाज मंडी में एकत्र हुए।
ग्रुप के अध्यक्ष नितिन गुर्जर ने कहा कि गठबंधन सरकार किसान विरोधी है। एक तरफ सरकार कहती है कि वह किसानों के साथ है। दूसरी और किसानों पर लाठियां बरसाई जा रही है। किसान केवल अपनी बात कह रहे थे। किसानों व आढ़तियों की मांग जायज है। उस पर संज्ञान लेने के बजाय सरकार आवाज को दबाने का कार्य कर रही है। इस पूरे मामले में गृह मंत्री को संज्ञान लेना चाहिए। इस दौरान आशीष, विशाल,अरूण पंवार, शुभम धीमान, राज मेहता, विक्रम शर्मा, रविद्र कुमार, गगन शर्मा, अमित शर्मा, रोबिन भी मौजूद रहे।