रामनगरी की तर्ज पर मनाई जाएगी श्रीराम मंदिर के भूमि पूजन की खुशी
पूरा वातावरण राम नाम जयकारों से गूंजेगा। यह दिन किसी पर्व से कम नहीं है। यह दिन इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : पांच अगस्त को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के भूमि पूजन तथा शिलान्यास को लेकर जहां रामनगरी अयोध्या में तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं यहां भी राम भक्तों में उत्साह की कमी नहीं है। इस दिन दीप जलेंगे और राम-नाम का जाप होगा। राम भक्तों का कहना है कि बड़ी कुर्बानियों के बाद यह शुभ दिन आया है। हर देशवासी का सपना पूरा हुआ है। जलाएंगे घी के दीप
मेयर मदन चौहान कहते हैं कि पांच अगस्त का दिन हम सभी के लिए खास है। लंबे समय से इस दिन इंतजार था। देसी घी के दिये जलाकर इस दिन को यादगार बनाया जाएगा। यह दिन हम सभी के लिए महत्वपूर्ण है। बुजुर्गो ने कुर्बानियां देकर जो सपना संजोया था, वह पूरा हो गया है। हम सभी का दायित्व बनता है कि अपने-अपने घरों में घी के दीप जलाएं। राम नाम का जाप करें और हर तरफ होगा खुशी का माहौल
सनातन धर्म सभा उत्तरी भारत के अध्यक्ष शिव प्रताप बजाज का कहना है कि जिस तरह रामनगरी अयोध्या में दीप जलाकर खुशियां मनाई जाएंगी, ठीक उसी तरह यहां भी खुशी का माहौल होगा। घर-घर में श्री राम के नाम का जाप होगा और घी के दिये जलाए जाएंगे। पूरा वातावरण राम नाम जयकारों से गूंजेगा। यह दिन किसी पर्व से कम नहीं है। यह दिन इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। इस दिन के आयोजन को लेकर विशेष तैयारियां की हुई हैं। क्योंकि इस लंब समय से हर देशवासी को इस शुभ घड़ी का इंतजार था।