गरमाई राजनीति : ब्लॉक समिति सदस्य को अगवा करने पर चेयरमैन के बेटे व दो अध्यापकों समेत पांच पर केस
ब्लॉक समिति वार्ड पांच सदस्य राजेंद्र कुमार का अपहरण व उसकी पत्नी के कपड़े फाड़ने के आरोप में थाना बिलासपुर पुलिस ने देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : ब्लॉक समिति वार्ड पांच सदस्य राजेंद्र कुमार का अपहरण व उसकी पत्नी के कपड़े फाड़ने के आरोप में थाना बिलासपुर पुलिस ने देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने ब्लॉक समिति चेयरमैन महीपाल संधाय के बेटे अभिषेक, दो राजकीय अध्यापकों संधाय निवासी बबलू व मछरौली निवासी यशपाल ढांडा समेत चौराही गांव के मांगे राम, संधाय के हरपाल के खिलाफ अपहरण, छेड़छाड़ समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। सदस्य का अपहरण होने के कारण शुक्रवार को चेयरमैन महीपाल व उपाध्यक्ष सविता के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिग नहीं हो सकी। ब्लॉक समिति सदस्यों ने सचिवालय में जमकर हंगामा करते हुए चेयरमैन और एडीसी के खिलाफ नारेबाजी की। सदस्यों ने अधिकारियों पर सत्तापक्ष के दबाव में काम करने का आरोप लगाया।
शुक्रवार को सचिवालय के कमरा नंबर 203 में ब्लॉक समिति सदस्यों की अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिग होनी थी। इसके लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर रखी थी। अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले 18 में से 17 सदस्य भी पहुंच गए थे। लेकिन चेयरमैन महीपाल संधाय, उपाध्यक्ष सविता व उनका समर्थन कर रहे अन्य सदस्य सचिवालय में नहीं पहुंचे। वहां पर महीपाल समर्थक केवल एक ही सदस्य आशीष मौजूद था। आशीष एक अपराधिक मामले में जिला जेल जगाधरी में बंद है। पुलिस उसे जेल से ही वारंट पर वोटिग के लिए लेकर आई थी। परंतु 17 सदस्यों ने वोटिग से पहले अपनी हाजिरी लगाने से मना कर दिया। इसके बाद सदस्य नारेबाजी करते हुए नीचे आ गए और परिसर में धरने पर बैठ गए। वे अपहरण किए गए राजेंद्र कुमार को बरामद करने की मांग करने लगे। इसके बाद वे एसपी कुलदीप सिंह यादव से भी मिले। एसपी ने राजेंद्र को जल्द तलाशने का आश्वासन दिया।