नगर निगम कार्यालय में जेई व कंप्यूटर आपरेटर से मारपीट करने वाले ठेकेदार पर केस दर्ज
यमुनानगर नगर निगम के जेई अखिल तायल कंपयूटर आपरेटर अमित अग्रवाल व ठेकेदार पर केस दर्ज किया गया है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : नगर निगम के जेई अखिल तायल, कंपयूटर आपरेटर अमित अग्रवाल व ठेकेदार पुनीत कांबोज के साथ मारपीट करने वाले ठेकेदार पर पर नगर निगम के एसई ने केस दर्ज कराया है। मामला 15 अक्टूबर का है। एसई की तरफ से तब एसपी को शिकायत दी थी। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपित शंकर कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार विरेंद्र के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर निगम के एसई आनंद स्वरूप से पुलिस को बताया कि 15 अक्टूबर की सुबह विरेंद्र कार्यालय में आया था। इस दौरान उसने सरकारी कार्यों में बाधा डाली और जेई, कंप्यूटर आपरेटर व वहां मौजूद एक अन्य ठेकेदार से मारपीट की। तब दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे के खिलाफ एसपी को शिकायत दी गई थी। बिल पास नहीं करने पर हुआ था झगड़ा
उधर, ठेकेदार विरेंद्र का आरोप है कि काम पूरा किए जाने के बावजूद उसकी पेमेंट नहीं हुई। करीब आठ माह पहले नगर निगम कार्यालय के पास टायलेट बनाए जाने का काम पूरा हो चुका है। इसका प्रयोग भी होने लगा है, लेकिन आज तक पेमेंट नहीं हुई। इस बारे सीएम विडो, नगर निगम कमिश्नर व मेयर को भी शिकायत दी जा चुकी है। आरोप है कि जब वह बिल बनवाने गया तो उसके साथ मारपीट की। उधर, निगम अधिकारियों का आरोप है कि ठेकेदार ने उसके साथ गाली गलौज की। समझाया तो मारपीट पर उतर आया। नियमानुसार बिल बनाए जा रहे हैं। इसमें किसी तरह की कोताही नहीं बरती जा रही है। 15 दिन लग गए केस दर्ज करने में :
सरकारी कार्यालय में झगड़ा हुआ। झगड़े के बाद एसपी को शिकायत भी दी गई इसके बावजूद पुलिस को एक केस दर्ज करने में 15 दिन का समय लग गया। इससे पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवालिया निशान लग रहा है। मामले की जांच कर रहे एसआइ सुमेश पाल का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। जांच में जो भी बात सामने आएगी उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।