मूलभूत सुविधाओं में पिछड़ा गुमथला, सड़कों की हालत बदतर
जिले के अंतिम छोर पर बसा गुमथला गांव मूलभूत सुविधाओं से महरूम ह
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : जिले के अंतिम छोर पर बसा गुमथला गांव मूलभूत सुविधाओं से महरूम है। पानी की निकासी की समस्या बड़ी है। व्यवस्था दुरुस्त न होने के कारण सड़कों पर जल भराव रहता है। गांव के मुख्य मार्गों का बुरा हाल है। हालांकि निकासी की व्यवस्था के लिए कई बार ग्राम पंचायत से मांग की जा चुकी है, लेकिन समाधान नहीं हुआ है। गांव में दो जोहड़ हैं, लेकिन ओवर फ्लो हो जाने के कारण गलियों में बहता है। गांव में चिकित्सा व्यवस्था भी नहीं है। बाढ़ प्रभावित एरिया होने के कारण सड़कों की स्थिति बद से बदतर है, लेकिन प्रशासनिक अधिकारी सुध नहीं ले रहे हैं। ओवरलोड से परेशान ग्रामीण
यमुना नदी में हो रहे खनन के कारण यहां से रेत से भरे सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। गुमथला-गढ़ी बीरबल मार्ग पर हालात ज्यादा खराब हैं। दिन रात भारी वाहनों का तांता लगा रहता है। धूल उड़ती है जिसका असर ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी देखा जा रहा है। मुख्य सड़क के दोनों ओर बसे ग्रामीण परेशान हैं। खनन ठेकेदारों की ओर से ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच तक नहीं करवाई जाती। गंदगी से भरे तालाब
संदीप गर्ग का कहना है कि गांव में गंदे पानी की निकासी का कोई प्रबंध नहीं है। तालाब गंदगी से भरे पड़े हैं। गांव के लोग लंबे समय से गंदे पानी की समस्या झेल रहे है। कई बार तो सड़कों पर जल भराव की स्थिति पैदा हो जाती है। ग्रामीणों की मांग है कि सरकार गांव में नियमित रूप से गंदे पानी की समस्या का समाधान करवाए। इसके अलावा बस स्टैंड से लेकर गुरुद्वारा तक सड़क की हालत बद से बदतर हो चुकी है। इसकी मरम्मत होनी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं पर दें ध्यान
अमित कुमार का कहना है कि गांव में जनसंख्या ज्यादा है। इलाज के लिए गांवों में कोई अस्पताल नहीं है। गांवों में मात्र एक डिस्पेंसरी है। जहां लोगों को पूरा इलाज नहीं मिल पाता। इलाज के लिए गांव के लोग रादौर व यमुनानगर जाते है। गांवों में पशु अस्पताल है, लेकिन नियमित डॉक्टर नहीं है, जिस कारण पशु पालकों को अपने पशुओं का इलाज करवाने में दिक्कत आ रही है। गांव में स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त किया जाए। सड़कों की हालत खराब
सुनील कुमार का कहना है कि गुमथला गांव यमुना के किनारे बसा है। हर वर्ष बाढ़ की चपेट में आ जाता है। जिसके कारण गांव का विकास भी बाधित हो रहा है। खासतौर पर सड़कों की स्थिति खराब है। प्रशासनिक अधिकारियों को चाहिए गांव के विकास के लिए अतिरिक्त बजट तय किया जाए। यहां सड़कों की स्थिति में विशेष रूप से सुधार किया जाए। गांव में स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त किया जाए।