सड़क सुरक्षा बैठक में मुद्दा उठते ही एसपी ने माडल टाउन में कराया वन वे ट्रैफिक
माडल टाउन में शाम के समय लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए पुलिस की ओर से वन वे ट्रैफिक किया गया है। पांच जगहों पर नाके लगाकर ट्रैफिक रोका जाएगा। यह व्यवस्था शाम को चार बजे से आठ बजे तक रहेगी। इस समय में ही सबसे अधिक भीड़ रहती है। वाहनों की वजह से जाम के हालात बने रहते हैं। हर पुलिस नाके पर पांच पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए है। पुलिस कर्मचारियों ने पहले दिन लोगों को समझाकर लौटाया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
माडल टाउन में शाम के समय लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए पुलिस की ओर से वन वे ट्रैफिक किया गया है। पांच जगहों पर नाके लगाकर ट्रैफिक रोका जाएगा। यह व्यवस्था शाम को चार बजे से आठ बजे तक रहेगी। इस समय में ही सबसे अधिक भीड़ रहती है। वाहनों की वजह से जाम के हालात बने रहते हैं। हर पुलिस नाके पर पांच पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए है। पुलिस कर्मचारियों ने पहले दिन लोगों को समझाकर लौटाया। शुक्रवार को सड़क सुरक्षा की बैठक में विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने यह मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा कि अवैध पार्किंग और भारी ट्रैफिक की वजह से शाम के समय माडल टाउन में जाम के हालात बन जाते हैं। सबसे अधिक समस्या प्यारा चौक से नेहरू पार्क तक रहती है। इसलिए यहां पर जाम न लगे। इसकी व्यवस्था की जाए। बैठक में ही एसपी कमलदीप गोयल ने इस संबंध में ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर लोकेंद्र सिंह को दिशा निर्देश दिए थे। इसलिए लगता है जाम : दरअसल, माडल टाउन में प्यारा चौक से नेहरू पार्क शहर का प्रमुख बाजार है। यहां पर शोरुम, दुकानों के अलावा काफी स्ट्रीट वेंडर सड़क के किनारे खड़े होते हैं। फास्ट फूड की अधिकतर रेहड़ी लगती है। शाम के समय कारों से लोग इन रेहड़ियों पर आते हैं। इसके अलावा कई बड़े होटल व रेस्टोरेंट के सामने भी वाहनों की लाइन लगी रहती है। पार्किंग की जगह न होने की वजह से लोग सड़क किनारे वाहन खड़े कर देते हैं। जिससे जाम के हालात बनते हैं। हालात ऐसे होते हैं कि शाम के समय कई बार बाइक सवारों तक को रास्ता नहीं मिल पाता। कोट्स : ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर लोकेंद्र सिंह ने बताया कि पांच जगहों पर नाका लगाकर वन वे ट्रैफिक किया गया है। इसका आंकलन किया जाएगा कि जाम पर कितना अंकुश लगता है। इसके साथ ही दुकानदारों व लोगों को भी ट्रैफिक नियमों का पालन करने के बारे में समझाया जाएगा।