सब्जी मंडियों में कोरोना से बचाव के सारे नियम धराशायी, बिना मास्क आ रहे लोग
कोरोना महामारी के केस जिले में लगातार में बढ़ रहे हैं। सब्जी मंडी यमुनानगर- जगाधरी में उसके बाद भी नियमों की पालना नहीं हो रही है। मार्केट कमेटी के अधिकारियों की यह लापरवाही शहर पर भारी पड़ सकती है। भीड़ देखकर यहां पर लोगों को कोरोना महामारी का बिल्कुल भी खौफ नहीं लगता। मेले की तरह सुबह मंडी में भीड़ उमड़ती है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : कोरोना महामारी के केस जिले में लगातार में बढ़ रहे हैं। सब्जी मंडी यमुनानगर- जगाधरी में उसके बाद भी नियमों की पालना नहीं हो रही है। मार्केट कमेटी के अधिकारियों की यह लापरवाही शहर पर भारी पड़ सकती है। भीड़ देखकर यहां पर लोगों को कोरोना महामारी का बिल्कुल भी खौफ नहीं लगता। मेले की तरह सुबह मंडी में भीड़ उमड़ती है। इनको जागरूक व रोकने के लिए मंडी में विभाग के कर्मचारी व अधिकारी नजर नहीं आते।शनिवार की सुबह जागरण टीम ने दोनों मंडियों का दौरा किया तो हालत बद से बदतर नजर आए। आढ़ती व जागरूक संगठन के पदाधिकारियों को इसके लिए आगे आना चाहिए।
मास्क नहीं लगाते, कइयों का ठोडी के नीचे :
पहले तो लोगों से यही कहा जा रहा था कि वह जब भी घर से बाहर निकलें तो चेहरे पर मास्क जरूर लगाएं, परंतु दो-दो मास्क लगाने की सलाह विशेषज्ञ दे रहे हैं। दैनिक जागरण की टीम शनिवार अल सुबह पहले अनाज मंडी यमुनानगर में पहुंची। यहां पर सुबह साढ़े चार बजे ही बहुत ज्यादा भीड़ उमड़ी हुई थी। जिन्हें कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा है उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से अपने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। किसी ने अपने मुंह पर गमछा लपेट रखा था, लेकिन वह बार-बार गले में आ रहा था। इसी तरह कुछ के मास्क केवल मुंह पर थे तो कइयों ने खानापूर्ति कर रखी थी। उनका मास्क न तो मुंह पर था और न ही नाक पर। इन्होंने ठोडी के नीचे मास्क कर रखा था। यह भी इसलिए लगा रखा था कि ताकि कोई अधिकारी चालान न काट दे। एक जगह रेहडियां लगाने से संक्रमण का खतरा बढ़ा :
सरकार के आदेश हैं कि अब मंडियों में कोई भी व्यक्ति रेहड़ी या फड़ी लगाकर सब्जी नहीं बेचेगा। वह केवल गलियों में जाकर ही सब्जी बेच सकते हैं। यमुनानगर मंडी में इन आदेशों का पालन करते हुए रेहड़ी वालों को बाहर कर दिया गया। अब यह लोग इंडस्ट्रियल एरिया की सड़क पर सब्जी बेच रहे हैं। सड़क के दोनों तरफ सैकड़ों की संख्या में रेहड़ियां लगी हैं। सड़क पर चलने के लिए जगह भी कम है। इसलिए यहां कोरोना फैलने का खतरा पहले से ज्यादा हो गया है। क्योंकि लोगों की भीड़ जितनी ज्यादा होगी संक्रमण उतनी तेजी से फैलेगा। बताया जा रहा है कि एक महाशय अपनी नेतागिरी चमकाने के चक्कर में लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। वह लोगों से कहकर रेहड़ी लगवाते हैं। साथ ही यह भी कहते हैं कि अधिकारी व नेता उसके जानकार हैं। इसलिए किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है, परंतु मार्केट कमेटी के अधिकारी क्यों डर रहे हैं। वह नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे। उन्हें बिना मास्क वालों का चालान काटने के लिए पर्ची भी दे रखी है। फिर भी किसी पर कार्रवाई नहीं। जगाधरी मंडी में भी यही हाल :
इसके बाद जागरण टीम जगाधरी सब्जी मंडी में पहुंची। यह मंडी यमुनानगर से छोटी भले हो लेकिन कोरेाना से बचाव के पुख्ता इंतजाम यहां भी नहीं है। यहां भी लोग बिना मास्क के दिखे। दोनों मंडियों में मार्केट कमेटी की तरफ से हाथ धोने के लिए सैनिटाइजर तक की व्यवस्था नहीं कर रखी है। एक सामान को कई-कई लोग हाथ लगा रहे हैं। ऐसे में उन्हें संक्रमण नहीं तो ओर क्या होगा। मार्केट कमेटी के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से बच रहे हैं। जब मंडी में सारे नियम टूट रहे होते हैं तो अधिकारी गहरी नींद में होते हैं। इसलिए वह कभी मंडी में जाकर हकीकत से रूबरू नहीं हो पाते। रिपोर्ट ली जाएगी : डीसी
डीसी मुकुल कुमार का कहना है कि मंडी में भीड़ होना गलत है। इस बारे में मार्केट कमेटी के अधिकारियों व आढ़तियों को निर्देश दिए गए है। भीड़ क्यों हो रही है। इसकी रिपोर्ट ली जाएगी, निश्चित ही कार्रवाई की जाएगी।