बुजुर्ग महिला से कंगन छीनने के आरोपित बरी
किराए पर कमरा लेने के बहाने घर में घुसकर बुजुर्ग महिला से सोने के कंगन छीनने के आरोपित पंजाब निवासी पृथ्वी और नंदकिशोर को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायधीश स्वाती सहगल ने बरी कर दिया है। केस की सुनवाई के दौरान पीड़िता ने आरोपितों को पहचान से इंकार कर दिया। इसके अलावा पुलिस ने मौके से भी कोई गवाह नहीं बनाया।
संस, जगाधरी : किराए पर कमरा लेने के बहाने घर में घुसकर बुजुर्ग महिला से सोने के कंगन छीनने के आरोपित पंजाब निवासी पृथ्वी और नंदकिशोर को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायधीश स्वाती सहगल ने बरी कर दिया है। केस की सुनवाई के दौरान पीड़िता ने आरोपितों को पहचान से इंकार कर दिया। इसके अलावा पुलिस ने मौके से भी कोई गवाह नहीं बनाया। शिकायकर्ता ने भी छीने गए कंगनों की मलकीयत पेश नहीं की। जिस कारण न्यायधीश ने उन्हें बरी कर दिया।
यह है मामला
वीना नगर कैंप निवासी विजय कुमार ने 3 जुलाई, 2018 को फर्कपुर पुलिस को दी शिकायत में कहा कि दोपहर को करीब पौने एक बजे दो युवक कमरा किराए पर लेने के बहाने उनके घर पर आए। उसकी 90 वर्षीया मां घर में लेटी हुई थी, जिसने हाथ में सोने के कंगन पहन रखे थे। दोनों युवक उसकी मां के कमरे में चले गए, जहां पर उन्होंने उसकी मां को बहला फुसला कर उससे कंगन छीन लिए। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद उसने आरोपितों का पीछा भी किया, लेकिन वे उसके हाथ नहीं लगे। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पंजाब निवासी पृथ्वी व नंदकिशोर को काबू किया। जिन्होंने वारदात स्वीकार कर ली।