अभ्यास के समय को लेकर हाकी कोच और खेल विभाग आमने-सामने
जागरण संवाददाता सोनीपत सेक्टर-चार स्थित हाकी के एस्ट्रोटर्फ मैदान में खिलाड़ियों के अभ्यास
जागरण संवाददाता, सोनीपत : सेक्टर-चार स्थित हाकी के एस्ट्रोटर्फ मैदान में खिलाड़ियों के अभ्यास को लेकर खेल विभाग और कोच प्रीतम सिवाच आमने-सामने आ गए हैं। अब इस मैदान पर लड़कियों को अभ्यास का सही समय नहीं मिल पा रहा है। समय तय नहीं होने से लड़के और लड़कियां दोनों ही अभ्यास के लिए पहुंच जाते हैं। हाकी कोच प्रीतम सिवाच ने डीएसओ को पत्र लिखकर लड़कियों के अभ्यास के लिए सप्ताह में तीन दिन सुबह और तीन दिन शाम का समय मांगा है। जिले में हाकी के लिए शहर में एक ही मैदान है। अब यह मैदान खेल विभाग की देखरेख में है। वहीं शहर में हाकी के 300 से अधिक खिलाड़ी हैं। खेल विभाग में हाकी कोच राहुल पंवार के पास खेल नर्सरी के 25 और कोच अनिल कुमार के पास आवासीय अकादमी के 25 से अधिक खिलाड़ी हैं। वहीं दूसरी ओर अर्जुन और द्रोणाचार्य अवार्डी प्रीतम सिवाच सोनीपत हाकी अकादमी के नाम से 300 महिला खिलाड़ियों शहर के औद्योगिक क्षेत्र स्थित मैदान में अभ्यास कराती हैं। इन खिलाड़ियों को भी एस्ट्रोटर्फ मैदान पर अभ्यास की जरूरत होती है। लड़कों और लड़कियों के अभ्यास का शेड्यूल तय नहीं होने से कई बाद लड़के और लड़कियां दोनों ही अभ्यास के लिए पहुंच जाती हैं। खिलाड़ियों की बताई परेशानी
प्रीतम सिवाच ने जिला खेल अधिकारी शर्मिला राठी को पत्र लिखकर सप्ताह में तीन दिन सुबह और तीन दिन शाम को अभ्यास के लिए समय मांगा है। पत्र में प्रीतम ने बताया कि उनकी अकादमी की कई खिलाड़ी ओलिपियन हैं। उनकी खिलाड़ी नेहा गोयल, निशा और शर्मिला भारतीय महिला टीम में खेल रही हैं। इसके अलावा वे कई जूनियर खिलाड़ी दे चुकी हैं। उनकी लड़कियों को सुबह सात बजे तक स्कूल पहुंचना होता है, इसलिए उन्हें तीन दिन सुबह का समय दिया जाए और तीन दिन शाम का। डीएसओ ने शेड्यूल मांगा
डीएसओ शर्मिला राठी ने बताया कि खेल विभाग में दो सरकारी हाकी कोच हैं। उनसे अभ्यास का शेड्यूल मांगा है। जो समय खाली होगा, समन्वय कर उसे प्रीतम सिवाच को दे दिया जाएगा क्योंकि जो खिलाड़ी सरकारी कोच के पास हैं, उनका अभ्यास भी जरूरी है लेकिन इसका समाधान निकाल लिया जाएगा। किसी भी खिलाड़ी को अभ्यास के लिए परेशान नहीं होने दिया जाएगा।