अलग-अलग सड़क हादसों में तीन महिला घायल
रांग साइड से कार लेकर आ रहे एक व्यक्ति ने आशा को टक्कर मार दी जिससे उसकी टांग टूट गई और वह लहूलुहान हो गई। उसको गंभीर हालत में पीजीआइ में भर्ती कराया गया है।
जागरण संवाददाता, सोनीपत: दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। इनमें से दो महिलाओं को गंभीर हालत में पीजीआइ में भर्ती किया गया है। शहर में सूरी पेट्रोल पंप के पास हादसा करने वाले वाहन के चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। वह शराब के नशे में था और रांग साइड कार दौड़ा रहा था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
सुशीला देवी ने सिटी थाना पुलिस को बताया कि वह विशाल नगर की रहने वाली है। वह शनिवार शाम को करीब पांच बजे अपनी बेटी आशा देवी व नाती विपुल के साथ घर का सामान लेने सूरी पेट्रोल पंप के सामने गए थे। वहां पर रांग साइड से कार लेकर आ रहे एक व्यक्ति ने आशा को टक्कर मार दी, जिससे उसकी टांग टूट गई और वह लहूलुहान हो गई। उसको गंभीर हालत में पीजीआइ में भर्ती कराया गया है। वहीं लोगों ने हादसा करने वाली कार के चालक बिजेंद्र को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। सुशीला का आरोप है कि कार का चालक शराब के नशे में था।
दूसरी घटना बड़वासनी की है। विशाल ने पुलिस को बताया कि वह खरखौदा क्षेत्र के गांव सिलाना का रहने वाला है। दोपहर में करीब तीन बजे उसकी माता कमला देवी और बहन स्वीटी स्कूटी से सोनीपत आए थे। यहां से वापस लौटने के दौरान उनको बडवासनी में एक कार ने टक्कर मार दी। इससे कमला देवी और स्वीटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्वीटी को ज्यादा चोट लगने के चलते पीजीआइ में भर्ती कराया गया है।