महिला तीरंदाज ने की उत्पीड़न की शिकायत, साई ने बनाई कमेटी
जागरण संवाददाता सोनीपत साई के नेशनल सेंटर आफ एक्सीलेंस में अभ्यास कर रही वरिष्ठ महिल
जागरण संवाददाता, सोनीपत : साई के नेशनल सेंटर आफ एक्सीलेंस में अभ्यास कर रही वरिष्ठ महिला तीरंदाज ने हाई परफार्मेस निदेशक संजीव सिंह के खिलाफ उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए साई और भारतीय तीरंदाजी संघ को शिकायत दी। महिला तीरंदाज ने अधिकारी पर माहवारी के दौरान उसे मैदान में दौड़ते हुए पांच चक्कर लगाने की सजा दी थी। महिला खिलाड़ी की शिकायत पर साई ने तीन अधिकारियों की कमेटी बनाकर जांच शुरू कर दी है और आरोपित अधिकारी से जवाब मांगा है।
साई के नेशनल सेंटर आफ एक्सीलेंस में देशभर के तीरंदाज अभ्यास कर रहे हैं। एक वरिष्ठ महिला तीरंदाज ने बताया कि 24 सितंबर को खिलाड़ी मैदान पर अभ्यास कर रहे थे। वह दौरान माहवारी से गुजर रही थी, जिसकी सूचना उसने कोच को भी दे रखी थी। वह मैदान पर कुछ देर से पहुंची। हाई परफार्मेस निदेशक संजीव सिंह वहां पर मौजूद थे। उन्होंने उस पर भड़कते हुए देरी से आने पर सार्वजनिक रूप से अभद्रता की और मानसिक रूप से परेशान किया। संजीव सिंह ने देरी से पहुंचने पर दौड़ते हुए मैदान के पांच चक्कर लगाने की सजा दी। महिला खिलाड़ी ने बड़ी मुश्किल से मैदान का एक चक्कर पूरा किया। इसके बाद जब उससे दौड़ा नहीं गया तो उसने बताया कि वह मासिक धर्म से गुजर रही है और अधिक नहीं दौड़ सकती। आरोप है कि इस पर अधिकारी संजीव सिंह ने गुस्से से कहा कि आप बीमार हैं तो मैदान से बाहर जाओ, आपको सेंटर में रहने का कोई अधिकार नहीं है।
साई की क्षेत्रीय निदेशक ललिता शर्मा ने बताया इस मामले में साई ने जांच के लिए तीन अधिकारियों की कमेटी का गठन किया है, जो जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। वहीं हाई परफार्मेस निदेशक संजीव सिंह से जवाब मांगा गया है।