शादी का झांसा देकर नेत्रहीन युवती से किया दुष्कर्म
नेत्रहीन युवती को शादी का झांसा देकर मकान मालिक के बेटे ने कई महीने तक दुष्कर्म किया। वह युवती को अकेली पाकर आए दिन दुष्कर्म करता और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता।
जागरण संवाददाता, सोनीपत: नेत्रहीन युवती को शादी का झांसा देकर मकान मालिक के बेटे ने कई महीने तक दुष्कर्म किया। वह युवती को अकेली पाकर आए दिन दुष्कर्म करता और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता। युवती के स्वजन ने उसका विरोध किया तो आरोपित ने जान से मारने की धमकी देने के साथ ही उनको घर से निकाल दिया। दूसरे स्थान पर कमरा लेने के बाद भी आरोपित उनको शहर छोड़कर जाने को धमकाता रहा। पीड़िता ने अपने स्वजन के साथ एसपी को घटना की जानकारी दी। एसपी को दी शिकायत के आधार पर सेक्टर-27 थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवती ने एसपी को बताया कि वह बिहार की रहने वाली है। उसके पिता एक चाय की दुकान पर नौकरी करते हैं। उसकी मां घरों में चौका-बर्तन का काम करती है और दोनों छोटे भाई मेहनत-मजदूरी करते हैं। वह शहर की एक कालोनी में किनारे के मकान में रहती थी। उसकी आंख 14 साल पहले खराब हो गई थी, जिससे वह देख नहीं पाती है। दो साल पहले उसकी छोटी बहन की शादी हो गई थी। तब से वह दिन में घर पर अकेली रहती थी। इस दौरान मकान मालिक का बेटा उसके पास आया और शादी करने का झांसा दिया। आरोपित उसको शादी करने का झांसा देकर उसके करीब आता गया और दुष्कर्म करने लग। शादी की बात करने पर युवक उसको मुंह बंद रखने की धमकी दी। उसने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। उसके माता-पिता ने युवक से बात की तो धमकी देकर घर से निकाल दिया।