एसडीएम ने सब्जीमंडी का किया निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
कामी रोड स्थित सब्जीमंडी में व्यवस्थाएं जांचने के लिए परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सब्जी मंडी की सड़कों साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए नाराजगी जताई।
जागरण संवाददाता, सोनीपत : कामी रोड स्थित सब्जीमंडी में व्यवस्थाएं जांचने के लिए परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सब्जी मंडी की सड़कों, साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए नाराजगी जताई। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सफाई व्यवस्था समेत अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
सब्जीमंडी का संचालन करने की जिम्मेदारी हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की है। यहां व्यवस्थाएं स्थानीय अधिकारियों को करानी होती हैं। इनका संचालन बेहतर तरीके से होने का पता लगाने के लिए बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे एसडीएम विजय सिंह सब्जीमंडी का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने मंडी परिसर में सुचारु सफाई व्यवस्था न मिलने पर निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मंडी से सोनीपत में सब्जी वितरण का कार्य होता है। यहां सफाई व्यवस्था बेहतरीन होनी चाहिए, लेकिन ऐसी व्यवस्था निराशाजनक है। ऐसी स्थिति स्वीकार्य नहीं है। भविष्य में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ मिलनी चाहिए। मंडी में कहीं भी कूड़े के ढेर नहीं लगने चाहिए। साफ-सुथरे वातावरण में सब्जियों की खरीदारी की जानी चाहिए। अच्छी सफाई व्यवस्था से लोगों के स्वास्थ्य को भी बल मिलेगा। अगर संबंधित ठेकेदार इसका पालन नहीं करता तो उस पर भी कार्रवाई करें।
एसडीएम ने सब्जीमंडी में अतिक्रमण पर भी कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मंडी में रेहड़ीवालों का अतिक्रमण उचित नहीं है। लाइसेंसधारक रेहड़ी वालों को ही मंडी में फल-सब्जियां बेचने का अधिकार है। आम जनमानस को अतिक्रमण के चलते काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, इसलिए मंडी में हर प्रकार के अतिक्रमण को तुरंत दूर किया जाए। इसके अलावा उन्होंने मंडी में विभिन्न प्रकार की व्यवस्थाओं की गंभीरता से पड़ताल की। उन्होंने व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।