खेती के गुर सीखने के लिए गांव अटेरना पहुंचा ब्राजील का प्रतिनिधिमंडल
खेती के नए तरीके सीखने के लिए शनिवार को ब्राजील का प्रतिनिधिमंडल गांव अटेरना पहुंचा। यहां पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की गवर्निंग बॉडी के सदस्य और पद्मश्री कंवल सिंह चौहान ने खेती की नई तकनीक के तरीके बताए।
संवाद सहयोगी, राई : खेती के नए तरीके सीखने के लिए शनिवार को ब्राजील का प्रतिनिधिमंडल गांव अटेरना पहुंचा। यहां पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की गवर्निग बॉडी के सदस्य और पद्मश्री कंवल सिंह चौहान ने प्रतिनिधि मंडल को खेती की नई तकनीक के कई तरीके बताए।
पद्मश्री कंवल सिंह चौहान ने बताया कि ऐसा कतई नहीं है कि खेती सिर्फ घाटे का सौदा हो, ऐसे सैकड़ों उदाहरण हैं जिनमें किसानों ने खेती में कामयाबी की इबारत लिखी है। उन्होंने बताया कि नई तकनीक से की जा रही खेती से करीब 5,000 किसान जुड़ चुके हैं, साथ ही वे अपनी इस यूनिट से 250 लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं। कंवल सिंह चौहान ने बताया कि हम बेबी कॉर्न, स्वीट कॉर्न और मशरूम की खरीद किसानों से उचित मूल्य पर कर उन्हें बाजार उपलब्ध करा रहे हैं। साथ ही अपने उत्पादों को देश ही नहीं विदेशों में निर्यात भी कर रहे हैं। आज उनकी यूनिट से तैयार उत्पाद इंग्लैंड और अमेरिका में निर्यात किए जाते हैं। इस दौरान ब्राजील से और दिल्ली पूसा से आए प्रतिनिधिमंडल ने उनके कार्य की प्रशंसा की। इस दौरान ब्राजील से आंद्रे अरन्हा, डॉ. निरू भूषण, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. पेडीएस डबास, अमरजीत, निधि मौजूद रहे।