बरोदा जीते तो प्रदेश में होगा मध्यावधि चुनाव : चौटाला
बरोदा हलके के उपचुनाव में शुक्रवार को इनेलो सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की भी एंट्री हुई। बरोदा के रण में उतरे चौटाला हलके के 9 गांवों में पहुंचे और ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
जागरण संवाददाता, गोहाना : बरोदा हलके के उपचुनाव में शुक्रवार को इनेलो सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की भी एंट्री हुई। बरोदा के रण में उतरे चौटाला हलके के 9 गांवों में पहुंचे और ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं में जोश भरा। चौटाला ने कहा कि अगर इनेलो ने बरोदा सीट जीती तो प्रदेश में मध्यावधि चुनाव होंगे। चौटाला ने इनेलो प्रत्याशी जोगेंद्र मलिक के पक्ष में वोट मांगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि प्रदेश में दस साल कांग्रेस ने, उसके बाद पांच साल तक भाजपा ने राज किया और अब प्रदेश में भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार है। किसी के कार्यकाल में लोगों को बेहतर सुविधाएं नहीं मिलीं। आज प्रदेश का किसान, मजबूर, व्यापारी, कर्मचारी सब परेशान हैं। प्रदेश के लोग इनेलो के कार्यकाल में मिली सुविधाओं और हुए कामों को याद करते हैं। प्रजातंत्र व राजनीति में एक सीट की हार-जीत बहुत मायने रखती है। उपचुनाव में अगर इनेलो बरोदा की सीट जीत जाएगी तब गठबंधन की सरकार में भगदड़ मच जाएगी और प्रदेश में मध्यावधि चुनाव होंगे। चौटाला बोले पांडवों को 12 साल का और भगवान श्रीराम को 14 साल का वनवास मिला था लेकिन इनेलो तो 15 साल से वनवास झेल रही है। जब भी प्रदेश में इनेलो की सरकार बनेगी जनहित में काम किए जाएंगे। चौटाला ने कहा कि वे कहने भर में नहीं बल्कि करने में विश्वास रखते हैं। चौटाला गांव शामड़ी, चिड़ाना, जवाहरा सहित 9 गांवों में पहुंचे।