पत्नी ने प्रेमी संग की पति की हत्या
मोहाना थानाक्षेत्र के गांव गुहणा में अवैध संबंधों में महिला ने अपने प्रेमी व उसकी महिला मित्र की मदद से अपने पति की ही हत्या करा दी।
जागरण संवाददाता, सोनीपत : मोहाना थानाक्षेत्र के गांव गुहणा में अवैध संबंधों में महिला ने अपने प्रेमी व उसकी महिला मित्र की मदद से अपने पति की ही हत्या करा दी। आरोपित एक धारावाहिक की कहानी से प्रेरित होकर षड्यंत्र के तहत उसे खेत में ले गए और गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी और उसकी महिला मित्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों को अदालत में पेश किया, जहां से युवक को दो दिन की रिमांड पर लिया गया है। वहीं दोनों महिलाओं को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गांव गुहणा निवासी संदीप (26) का शव रविवार को उसके खेत में मिला था। शव कपास के खेत में अर्धनग्न पड़ा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई। पुलिस ने मृतक संदीप के पिता बनी सिंह के बयान पर गांव भठगांव निवासी युवक व उसके परिजनों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। उनका आरोप था कि बेटे की शादी जींद के गांव करसिधू की युवती से हुई थी। उसके भठगांव के युवक के साथ संबंध थे और वह उसे लेकर भाग गया था। बाद में पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया था और समझाकर घर ले आए थे। महिला ने युवक व उसके परिजनों पर हत्या का शक जताया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की तो पता लगा कि महिला अपने ही गांव के युवक के संपर्क में थी। इस पर पुलिस ने युवक की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने अपने प्रेमी को पति की हत्या करने को कहा था। उसके चलते एसआइ पूर्ण सिंह की टीम ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार युवक ने बताया कि वारदात में उसके साथ गोहाना निवासी उसकी महिला मित्र भी शामिल थी। उसने षड्यंत्र के तहत महिला मित्र की दोस्ती संदीप से कराई थी। महिला मित्र ने शनिवार रात को बहाने से संदीप को गोहाना बुलाया था। वह बाइक लेकर पहुंचा तो वहां से महिला उसे उसके खेत में ले गई। पुलिस के अनुसार आरोपित ने बताया है कि वह खेत में वह पहले से मौजूद था, जहां उन्होंने गला दबाकर संदीप की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर वह फरार हो गए। संदीप की गिरफ्तारी के बाद सोमवार को पुलिस ने महिला मित्र को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने युवक की निशानदेही पर मृतक व महिला मित्र के मोबाइल खेत से बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश किया, जहां युवक को दो दिन की रिमांड पर लिया है। किसी के आ जाने से बच गई महिला मित्र की जान
युवक ने हत्या की योजना एक धारावाहिक देखकर बनाई थी। उसने पुलिस को बताया कि हमारी योजना महिला मित्र को भी मारने की थी। किसी व्यक्ति के रास्ते पर आ जाने के चलते वह भाग गए। महिला की हत्या के बाद बाद पूरा मामला भठगांव के युवक पर केंद्रित हो जाता और वे दोनों आराम से एकसाथ रहते।
गांव गुहणा में युवक की हत्या करने का मामला सामने आया था। मृतक के परिजनों ने पड़ोसी गांव के युवक व उसके परिजनों पर आरोप लगाए थे। मामले की जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी के गांव के युवक से संबंध थे। जिसे गिरफ्तार कर पूछताछ की तो पूरा मामला खुल गया। मामले में मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी व प्रेमी की महिला मित्र को गिरफ्तार कर लिया है।
- वजीर सिंह, थाना प्रभारी मोहाना।