खुलेआम स्मैक बेच रही महिला गिरफ्तार
दिल्ली कैंप कॉलोनी में खुलेआम स्मैक बेच रही महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से सवा तीन ग्राम स्मैक बरामद हुई है। वह कई साल से नशा बेचने का काम कर रही है। आसपास के लोगों ने बताया कि नशा बेचने के आरोप में वह पहले भी गिरफ्तार की जा चुकी है।
जागरण संवाददाता, सोनीपत : दिल्ली कैंप कॉलोनी में खुलेआम स्मैक बेच रही महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से सवा तीन ग्राम स्मैक बरामद हुई है। वह कई साल से नशा बेचने का काम कर रही है। आसपास के लोगों ने बताया कि नशा बेचने के आरोप में वह पहले भी गिरफ्तार की जा चुकी है। अब पुलिस महिला से स्मैक लाने के स्थान के बारे में पूछताछ कर रही है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र का दिल्ली कैंप एरिया नशेड़ियों का बड़ा अड्डा बना हुआ है। यहां पर खुलेआम चरस, स्मैक व अवैध शराब की बिक्री की जाती है। शनिवार को पुलिस को फिर यहां नशा बेचने की सूचना मिली थी। उसके बाद पुलिस टीम ने दिल्ली कैंप में बैंक वाली गली में पहुंचकर नशा बेच रही महिला को देख लिया। वह गली के मोड़ पर खड़ी होकर नशा की पुड़िया बेच रही थी। मुख्य सिपाही उषा ने अपने साथियों के साथ मिलकर उक्त महिला को पकड़ लिया। उसके पास से सफेद रुमाल में पॉलीथिन में रखा स्मैक बरामद कर लिया गया। पुलिस को महिला ने बताया कि वह प्रकाशी पत्नी सुंदरलाल है। महिला ने डीएसपी मुख्यालय वीरेंद्र सिंह के सामने स्वीकार किया कि वह स्मैक बेच रही थी। इससे बरामद स्मैक का वजन 3.22 ग्राम निकला। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है कि वह स्मैक को कहां से खरीदकर लाती थी।
स्मैक की बिक्री करने वाली महिला प्रकाशी को गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि वह स्मैक कहां से खरीदकर लाती थी। कॉलोनी में नशा बेचने वाले अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है।
- दर्पण सिंह, एसएचओ थाना- सिविल लाइन