पेट्रोल पंप संचालकों ने लाइटें और सेल बंद करके जताया रोष
पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने मंगलवार शाम को ऑयल कंपनियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाकर विरोध किया।
जासं, सोनीपत : पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने मंगलवार शाम को ऑयल कंपनियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाकर विरोध किया। इस दौरान पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मचारियों ने आधे घंटे तक लाइटें व सेल बंद रखी। अब बुधवार को दोपहर एक घंटे तक जिले के सभी पेट्रोल पंपों को बंद रखा जाएगा।
पेट्रोल पंप एसोसिएशन के प्रधान परविद्र खत्री ने कहा कि ऑयल कंपनियां कई तरह से डीलर का उत्पीड़न कर रही हैं। डीलरों की जायज मांगों को भी स्वीकार नहीं किया जा रहा है। इसके चलते एक पंप ऑपरेटर ने आत्महत्या कर ली है। उनके चंडीगढ़, मोहाली और राजपुरा में पेट्रोल पंप हैं। इसके विरोध में मंगलवार शाम को साढ़े सात बजे से आठ बजे तक सभी पेट्रोल पंप पर लाइटें बंद रखी। इस दौरान किसी को भी डीजल-पेट्रोल नहीं दिया गया। अब बुधवार को मृतक ऑपरेटर की रस्मक्रिया है। इसके चलते जिले के सभी पेट्रोल पंप दोपहर एक से दो बजे तक बंद रहेंगे। इस दौरान केवल एंबुलेंस को छोड़कर किसी को पेट्रोल-डीजल नहीं दिया जाएगा।