सामाजिक व शिक्षण संस्थानों ने मनाया दीपावली का पर्व
जिलेभर में शुक्रवार को सामाजिक संस्थाओं व शिक्षण संस्थानों ने दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया। इसके साथ ही कई जगह बाल दिवस कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
जागरण संवाददाता, सोनीपत : जिलेभर में शुक्रवार को सामाजिक संस्थाओं व शिक्षण संस्थानों ने दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया। इसके साथ ही कई जगह बाल दिवस कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। शहर में एटलस रोड स्थित किशोर विकास सदन में सारथी जन सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से दीपावली व बाल दिवस उत्सव मनाया। इस अवसर पर किशोर विकास सदन में रह रहे बच्चों को गर्म जर्सी, मिठाई व फल वितरित किए।
सारथी ट्रस्ट के चेयरमैन सतपाल सिंह अहलावत ने बच्चों को त्योहार का महत्व बताया। साथ ही संरक्षक सुभाष वशिष्ठ ने कहा कि ट्रस्ट की ओर से किशोर विकास सदन में लाइब्रेरी में बच्चों व किशोरों के सर्वांगीण विकास के लिए पुस्तकें उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके अलावा हर महीने उनके स्वास्थ्य की जांच के लिए चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। वहीं, मुख्य सलाहकार डा. सुमन मंजरी व संयोजक कृष्ण वत्स ने दीपावली के अवसर पर केवल मिट्टी के बने हुए दीये ही इस्तेमाल करने के लिए सभी को प्रेरित किया। इस मौके पर जिला बाल सुरक्षा अधिकारी रितू गिल, अधीक्षक सुरेश शर्मा, डा. मीनू गबरानी, ममता आदि मौजूद रहे।
समाजसेविका सोनू मित्तल ने एसएम क्लब के साथ जरूरतमंद बच्चों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया। उन्होंने बच्चों को त्योहार का महत्व बताते हुए कहा कि दीपावली मिठाई बनाने, खिलाने और खाने का त्योहार है। इस अवसर पर एक-दूसरे को उपहार भी देते हैं। उन्होंने सभी को कोरोना के चलते बेरोजगार हुए लोगों के साथ मिलकर त्योहार मनाने के लिए भी प्रेरित किया। साथ ही पटाखों की जगह खिलौने, उपहार, फूल-पत्तियों का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। ज्ञान गंगा ग्लोबल और मोंटेसरी माडल स्कूल में दीपावली का पर्व उत्सव एवं उमंग के साथ आनलाइन मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ अध्यापकों ने भी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने इस दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस मौके पर संजय जैन व निर्देशक अंकित जैन, प्रिसिपल उमा अय्यर आदि मौजूद रहे। दूसरी तरफ, मुरथल रोड स्थित होली क्रास स्कूल में दीवाली का उत्सव आनलाइन माध्यम से मनाया। इस अवसर पर बच्चों ने रंगोली प्रतियोगिता, कार्ड और दीये सुसज्जित कर अपनी प्रतिभा दिखाई। इस मौके पर प्राचार्य केएस पोनमला समेत अन्य अध्यापक मौजूद रहे।