बसौदी के निशाने पर थे अभिनेता सलमान खान, छह बार गया था मुंबई
उत्तर भारत के कुख्यात राजू बसौदी का प्लान बड़ा खतरनाक था।
डीपी आर्य, सोनीपत
उत्तर भारत के कुख्यात राजू बसौदी अभिनेता सलमान खान की हत्या करना चाहता था। इसके लिए वह छह बार मुंबई का दौरा भी कर चुका था। वहां पर उसने गैंग की मूवमेंट भी शुरू कर दी थी। बताया जाता है कि वह विदेश में रहकर इसको अंजाम देने की पूरी तैयारी में था। ऐसा वह लारेंस बिश्नोई के कहने पर करने वाला था। क्योंकि बिश्नोई समाज काले हिरण की पूजा करता है और इसको मारने के चलते लारेंस सलमान खान से रंजिश रखता था।
विदित हो कि राजस्थान की जेल में बंद लारेंस बिश्नोई ने जनवरी 2018 में सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी और इसके लिए अपने गैंग को लगा भी दिया था। जून 2018 में लारेंस गैंग के वांछित गैंगस्टर संपत नेहरा की गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने बताया था कि संपत अभिनेता सलमान खान को मारने के लिए मुंबई गया था, लेकिन सुरक्षा के कारण वह सफल नहीं हो पाया। उसकी गिरफ्तारी के बाद लारेंस गैंग की कमान राजू बसौदी ने संभाल ली थी। एसटीएफ सूत्रों के अनुसार लारेंस ने अब यह टास्क राजू को सौंप दिया था। पूरी प्लानिग के साथ इस वारदात को अंजाम देने के लिए राजू छह बार मुंबई का दौरा कर चुका था। वह वहां अपना गैंग सक्रिय कर रहा था और इसमें मुंबई के स्थानीय युवाओं को भी जोड़ना शुरू कर दिया था। राजू ने सलमान के आवासीय क्षेत्र का भी दौरा कर वहां के रास्तों, पुलिस चेक पोस्ट आदि की पूरी जानकारी भी जुटाई थी।
राजू बसौदी ने मुंबई का कई बार दौरा किया। उसके गिरोह की वहां पर मूवमेंट है। मुंबई के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उसका आवागमन रहा है। उससे पूछताछ में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ रहे हैं। अभी पूछताछ जारी है। उसके पूरा होने पर कई बड़ी घटनाओं और गैंग की कई साजिश का खुलासा होगा। अभी हम पूछताछ कर रहे हैं।
- इंस्पेक्टर सतीश देशवाल, प्रभारी एसटीएफ, सोनीपत।