परियोजना वर्कर्स ने हड़ताल कर निकाला जुलूस
राष्ट्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर आंगनबाड़ी आशा मिड-डे मील क्रेच वर्कर्स (परियोजना) की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही।
जासं, सोनीपत : राष्ट्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर आंगनबाड़ी, आशा, मिड-डे मील, क्रेच वर्कर्स (परियोजना) की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। इस दौरान परियोजना वर्कर्स ने अपनी मांगों को लेकर गोहाना रोड स्थित पंचायत भवन में बैठक की। बैठक की अध्यक्षता अनीता, निर्मला व रोशनी ने संयुक्त रुप से की। उनकी बैठक का कर्मचारी नेता आनंद शर्मा, ईश्वर सिंह राठी और ओम कुमार ने समर्थन किया। उन्होंने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय परिसर तक जुलूस मार्च निकाला।
कर्मचारी नेताओं ने सरकार पर कर्मचारी, श्रमिक विरोधी नीतियां लागू करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन्हीं के विरोध में रविवार को जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान कर्मचारी, श्रमिक आदि संगठनों के सदस्य 10 बजे पंचायत भवन एकत्रित होकर गोहाना रोड से प्रदर्शन करते हुए उपायुक्त कार्यालय पर पहुंचकर गिरफ्तारियां देंगे। उन्होंने सरकार से शारीरिक शिक्षकों को बहाल, परियोजना वर्कर्स को तुरंत प्रभाव से पक्के कर्मचारी का दर्जा, पक्का होने तक न्यूनतम वेतन 24 हजार रुपये, सामाजिक सुरक्षा की गारंटी देने समेत अन्य मांगों को लागू करने की मांग की। इस मौके पर गीता, कृष्णा, सुमन पांचाल, सीमा, नीलम, सुदेश, सरोज शर्मा, महावीर नागर, विजेंद्र शर्मा, बलवीर, सेवानंद, रामफल, ध्रुव आदि मौजूद रहे।