क्वान की डो प्रतियोगिता में जीवीएम ने जीते तीन पदक
राष्ट्रीय क्वान-की-डो प्रतियोगिता में जीवीएम गर्ल्स कालेज की छात्राओं ने स्वर्ण पदक सहित कुल तीन पदक प्राप्त किए।
जागरण संवाददाता, सोनीपत : राष्ट्रीय क्वान की डो प्रतियोगिता में जीवीएम गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं ने स्वर्ण पदक सहित कुल तीन पदक जीते। संस्था के प्रधान डॉ.ओपी परुथी और प्राचार्या डॉ.ज्योति जुनेजा ने छात्राओं को सफल प्रदर्शन पर बधाई दी है।
जीवीएम की खेल प्रभारी डॉ.सविता चौधरी ने बताया कि महाराष्ट्र के औरंगाबाद में 16 से 20 जनवरी तक राष्ट्रीय क्वान की डो प्रतियोगिता हुई। इसमें जीवीएम की छात्राओं ने हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया। कोच राजेश सैनी के नेतृत्व में नेहा, तमन्ना व पलक ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन किया। नेहा ने सीनियर वर्ग के 71 किलो भारवर्ग में खेलते हुए स्वर्णिम प्रदर्शन किया। नेहा ने फाइनल मुकाबले में कर्नाटक की खिलाड़ी को 8-1 से करारी मात दी। तमन्ना ने सीनियर वर्ग के अंडर 67 किलो भारवर्ग में रजत पदक जीता। फाइनल मुकाबले में तमन्ना को चंडीगढ़ की खिलाड़ी से 5-1 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
तीसरी खिलाड़ी पलक ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता। पलक ने सीनियर वर्ग के तहत अंडर 45 किलो भारवर्ग में उत्तर प्रदेश की खिलाड़ी से 5-1 के अंतर से पराजित होकर कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा। सभी खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार भी दिया गया। विजेता खिलाड़ियों के कॉलेज लौटने पर प्राचार्या डॉ.ज्योति जुनेजा ने उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी हिस्सा लेना चाहिए। खेलों में भी बेहतरीन भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।