हड़ताल के कारण महिला ने ऑटो में दिया बच्चे को जन्म
जिले में एनएचएम कर्मचारियों व एंबुलेंस की हड़ताल का आमजन पर सीधा असर पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। सोमवार को ब्रह्म कॉलोनी निवासी रेखा को डिलीवरी के लिए एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिली।
जागरण संवाददाता, सोनीपत :
जिले में एनएचएम कर्मचारियों व एंबुलेंस की हड़ताल का आमजन पर असर पड़ने लगा है। सोमवार को ब्रह्म कॉलोनी निवासी रेखा को डिलीवरी के लिए एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिली। परिजन तीन घंटे तक इंतजार कर गर्भवती को ऑटो में लेकर अस्पताल के लिए रवाना हुए, लेकिन महिला ने रास्ते में ही बच्चे को जन्म दे दिया। बच्चे को कंगारू मदर केयर यूनिट में रखा गया है। हालांकि, जच्चा-बच्चा स्वस्थ हैं, लेकिन थोड़ी और देरी होने पर दोनों की जान पर खतरा बन सकता था।
विदित हो कि एनएचएम कर्मचारी पिछले 14 दिन से नियमितीकरण व सातवें वेतन आयोग का लाभ देने आदि मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। कर्मचारियों की हड़ताल से मरीजों को एंबुलेंस की सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। इसी के चलते सोमवार को एक महिला ने ऑटो में बच्चे को जन्म दिया। ब्रह्म कॉलोनी निवासी सुनील ने बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे उसकी पत्नी रेखा को दर्द शुरू हुआ। उसने एंबुलेंस के लिए नागरिक अस्पताल में फोन किया, लेकिन संबंधित कर्मचारी ने हड़ताल होने की बात कहकर एंबुलेंस भेजने से मना कर दिया। पत्नी की हालत गंभीर होने की बात कहते हुए उसने कई बार एंबुलेंस के लिए फोन किया, लेकिन उसे एंबुलेंस नहीं मिली। बाद में वह एक ऑटो में अपनी पत्नी को लिटाकर अस्पताल के लिए रवाना हुआ। ऑटो में कोई सुविधा नहीं मिलने और ज्यादा झटका लगने के कारण रास्ते में ही उसकी पत्नी ने एक प्रीमेच्योर बच्चे को जन्म दे दिया। किसी तरह परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने नवजात व उसकी मां की देखभाल की। फिलहाल बच्चे को कंगारू मदर केयर यूनिट में रखा गया है।
मरीजों खासकर गर्भवती को एंबुलेंस की सुविधा मुहैया कराने के लिए विभाग गंभीर है। इसी के चलते विभाग ने अनुबंध आधार पर नए चालक लगाने का निर्णय लिया है। दो दिन में यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
डॉ. जयकिशोर, उप सिविल सर्जन, सोनीपत।